Roorkee News:आईआईटी रुड़की की 180 साल की विरासत का जश्न, पूर्व छात्रों को मिला सम्मान – Celebrating 180 Years Of Iit Roorkees Legacy Alumni Honored
आईआईटी के रूप में 25 साल पूरे, संस्थान की 180 साल पुरानी विरासत का शुभारंभ
कर्नाटक की राज्यपाल एवं संस्थान की पूर्व छात्रा डॉ. सुधा यादव ने किया स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ, 12 पूर्व छात्रों को प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार से नवाजा
रुड़की। आईआईटी रुड़की ने बुधवार को अपना स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। संस्थान ने आईआईटी के रूप में 25 वर्ष पूरे करने के साथ ही वर्ष 1847 से शुरू हुई अपनी 180 वर्ष की गौरवशाली विरासत में प्रवेश किया। समारोह में कर्नाटक की राज्यपाल एवं संस्थान की पूर्व छात्रा डॉ. सुधा यादव मुख्य अतिथि रहीं। इस अवसर पर शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग और उद्यमिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले 12 पूर्व छात्रों को प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार, दो को युवा पूर्व छात्र पुरस्कार और चार को उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. प्रेम व्रत और टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आर. मुकुंदन विशिष्ट अतिथि रहे। संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत और उपनिदेशक प्रो. प्रवीण कुमार समेत शिक्षक, विद्यार्थी और पूर्व छात्र मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. सुधा यादव ने कहा कि आईआईटी रुड़की उनकी मातृ संस्था है और यहां लौटना उनके लिए गर्व की बात है। संस्थान ने जल संसाधन, भूकंप इंजीनियरिंग, आपदा न्यूनीकरण, स्वच्छ ऊर्जा और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और अनुसंधान को समाज की जरूरतों से जोड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इससे पहले 24 नवंबर को उद्यमिता, डीप टेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिनमें उद्योग विशेषज्ञों और उद्यमियों ने अनुभव साझा किए। बुधवार को पांच किलोमीटर की रन फॉर लेगेसी का आयोजन हुआ। साथ ही 1999 बैच के सहयोग से विकसित अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और तकनीकी प्रदर्शनी भी लगाई गई।
12 पूर्व छात्रों को प्रतिष्ठित पुरस्कार
पुरस्कार समारोह में प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार पाने वालों में प्रो. फैसल इरशाद खान, प्रो. दिनेश मोहन, पदम सिंह, रुचि वर्मण्य, डॉ. राजकुमार उपाध्याय, राजेश कुमार पाठक, डॉ. कपिल गर्ग, संजय शर्मा, सर्वेश महेश, सुमित जैन, डॉ. एके सभरवाल और प्रो. ई बालागुरुसामी शामिल रहे।
प्रतिष्ठित युवा पूर्व छात्र पुरस्कार रूपेश कुमार और नवनीत चहल को दिया गया। वहीं, उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार डॉ. ओम प्रकाश कुलश्रेष्ठ, नवनीत बुटान, अंबुज कुमार और डॉ. श्रेयस कुमार को प्रदान किया गया।
निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि संस्थान की 180 वर्ष की विरासत शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में पीढ़ियों के योगदान का प्रतीक है। संस्थान भविष्य में भी शैक्षणिक उत्कृष्टता और तकनीकी नवाचार के माध्यम से राष्ट्रीय और वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए काम करता रहेगा।
