Sambhal News:चेक बाउंस के दोषी को एक साल की कैद, ढाई लाख जुर्माना – Person Convicted Of Cheque Bounce Sentenced To One Year In Prison, Fined 2.5 Lakh Rupees
चंदौसी। चेक बाउंस के एक मामले में न्यायालय ने दोषी को एक वर्ष के साधारण कारावास और 2.50 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। यह फैसला अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नावेद अख्तर के न्यायालय ने सुनाया।
चंदौसी के राकेश कुमार शर्मा ने न्यायालय में परिवाद दर्ज कराया था। उनके अधिवक्ता चंद्रेश गुप्ता के अनुसार, अशोक कुमार शर्मा ने एक जुलाई 2020 को राकेश कुमार से 40,0000 रुपये नकद उधार लिए थे। अशोक कुमार ने एक माह में बिना ब्याज के रकम वापस करने का वादा किया था लेकिन वह इसे पूरा नहीं कर पाए।
बार-बार तकादा करने पर अशोक कुमार ने एक सितंबर 2020 को 2,00000 रुपये और एक नवंबर व एक दिसंबर 2020 को एक-एक लाख रुपये के तीन चेक दिए। राकेश कुमार ने दो दिसंबर 2020 को एक-एक लाख रुपये के दोनों चेक एक्सिस बैंक शाखा चंदौसी में जमा किए। ये दोनों चेक अभियुक्त के यूपी ग्रामीण बैंक शाखा बिसौली से वापस हो गए, जिससे भुगतान नहीं हो सका। नोटिस भेजने के बावजूद भी अशोक कुमार ने भुगतान नहीं किया।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नावेद अख्तर के न्यायालय में मुकदमे की सुनवाई हुई। न्यायालय ने सभी साक्ष्यों और दलीलों पर विचार किया। अशोक कुमार को चेक बाउंस का दोषी पाया गया। उन्हें एक वर्ष के साधारण कारावास और 2.50 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।
