Sambhal News:मुठभेड़ के बाद पर्स लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली – Two Accused In A Purse-snatching Case Arrested Following An Encounter; Both Sustained Gunshot Wounds To Their Legs
संभल। पुलिस ने शनिवार शाम मुठभेड़ के बाद पर्स लूटने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पैरों में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सामान, तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार शाम करतार सिंह अपनी बहन रीना के साथ बाइक से संभल जा रहे थे। लाडम सराय के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने रीना का पर्स लूट लिया था। पर्स में सोने के जेवर और कुछ नकदी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की थी।
शनिवार शाम पुलिस को संदिग्धों की सूचना मिली। चंदौसी बाईपास पर क्षेमनाथ मंदिर के पास पुलिस ने घेराबंदी की। बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान खालिद और उवैस के रूप में हुई है। ये दोनों हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नवादा के निवासी हैं। आरोपियों ने लूट की घटना को स्वीकार किया है। उनके खिलाफ लूट के साथ-साथ पुलिस पर हमला करने का भी मामला दर्ज किया गया है।
