Sambhal News:शीशम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला किसान का शव – Farmer’s Body Found Hanging From A Sheesham Tree By A Rope
जुनावई। थाना क्षेत्र के मिठनपुर गांव में उमेश (50) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही खेत में शीशम के पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है।
उमेश बुधवार दोपहर खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान परिवार के लोग खेत पर पहुंचे, जहां उमेश का शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे पेड़ से लटका मिला। यह देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी धीरज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उमेश अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया हैंगिंग
थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। हालांकि, परिजनों की हत्या की आशंका के बावजूद, पुलिस को अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है। मृतक के भाई नीरेश ने भी उमेश के बुधवार दोपहर घर से निकलने की पुष्टि की है।
