Shimla News:महोत्सव में सेपुबड़ी-मीठा करेला खरीदने उमड़ी भीड़ – Crowds Flocked To The Festival To Buy ‘sepubadi’ (a Traditional Snack) And ‘meetha Karela’ (sweet Bitter Gourd)
November 22, 2026

पहाड़ी व्यंजनों की खुशबू से महका शहर का रिज मैदान
पहाड़ी राजमा, कोलथ, रौंगी और चावल समेत अन्य उत्पादों की भी बढ़ी मांग
प्रदर्शनी में मूंग की बड़ी भी बनी लोगों की पहली पसंद
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। रिज मैदान पर आयोजित ग्रामीण भारत महोत्सव में इन दिनों पहाड़ी उत्पादों की खूब धूम है। पहाड़ी व्यंजनों की खुशबू लोगों को स्टॉलों तक खींच रही है।
महोत्सव में लगे स्टॉलों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। महिलाओं द्वारा तैयार किए यह उत्पाद लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। सबसे अधिक मांग सेपुबड़ी, दालों और अनाज के साथ मीठे करेले की है। वहीं चिप्स और मौड़ी का स्वाद चखने के बाद बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक इन्हें खरीद रहे हैं। महोत्सव में महिलाओं के हाथों से तैयार मूंग और उड़द दाल की बड़ी से लेकर सेब और केले के चिप्स भी लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। खास बात यह है कि महिलाएं मौके पर कई उत्पाद तैयार करने के साथ उनकी पैकिंग भी कर रही हैं। महिलाएं अपने साथ जो पैक किया हुआ स्टॉक लेकर आई थीं, वह बिक चुका है। मांग बढ़ने पर अब खरीदारों के सामने ही उत्पादों की पैकिंग की जा रही है। इस बार महोत्सव में अनाज, हल्दी, आटा, पहाड़ी राजमा, कोलथ, रौंगी सहित विभिन्न दालों और चावल की भी खूब मांग है। लोग इन्हें घर के लिए खरीद रहे हैं। कई पर्यटक इन्हें यादगार सौगात के तौर पर भी अपने साथ ले जा रहे हैं। इसके अलावा सेब की चटनी, गेहूं का शीरा, घरों में उगाई गई दालें, झटपट तैयार होने वाले व्यंजन और हथकरघा उत्पाद भी लोगों को खूब भा रहे हैं।
सेब के चिप्स भी आ रहे खूब पसंद
शिमला के शिलारू स्वयं सहायता समूह ठियोग की वीना ने बताया कि महोत्सव उनके लिए सिर्फ बिक्री का मंच नहीं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक मांग सेब के चिप्स और मीठे करेले की है। वह केले और सेब के चिप्स के साथ मौड़ी का स्वाद भी लोगों को मौके पर चखा रही हैं, ताकि वह उत्पादों की गुणवत्ता को समझ सकें और खरीदारी के प्रति उनका भरोसा बढ़े। मंडी की चंपा ने बताया कि रोजमर्रा में किए जाने वाले काम अब उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रहे हैं। उनके उत्पादों को शिमला के स्थानीय लोगों सहित अन्य जगहों से आए पर्यटक भी पसंद कर रहे हैं। महोत्सव में उन्हें सीधे ग्राहकों से बातचीत करने, बाजार की पसंद समझने और अपने उत्पादों को नई पहचान दिलाने का अवसर मिल रहा है।
