शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Shravasti News:खाद की किल्लत से किसान परेशान – Farmers Troubled By Fertilizer Shortage
श्रावस्ती

Shravasti News:खाद की किल्लत से किसान परेशान – Farmers Troubled By Fertilizer Shortage

November 13, 2026


श्रावस्ती/इकौना/तुलसीपुर। तराई में रबी सीजन की मुख्य फसल गेहूं की बोआई की तैयारी शुरू हो गई है। ऐसे में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की जरूरत है, लेकिन सहकारी समितियों पर खाद का संकट बना हुआ है। कहीं समितियों पर ताले लटक रहे हैं तो कहीं डीएपी और यूरिया उपलब्ध नहीं है। जिन समितियों पर खाद मिल रही है, वहां किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई किसान दो से तीन दिन से खाद के लिए चक्कर काट रहे हैं। वहीं, किसानों ने समितियों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने का आरोप भी लगाया।

इकौना समिति पर लटकता मिला ताला

बहुउद्देश्यीय ग्रामीण सहकारी समिति इकौना की पड़ताल में बाहर ताला लटका मिला। समिति अध्यक्ष महात्मा प्रसाद शुक्ला ने बताया कि खाद आ चुकी है, लेकिन सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। एक से दो दिन में वितरण शुरू करा दिया जाएगा। वहीं, जमुनहा की साधन सहकारी समिति कथरामाफी पर सचिव नहीं मिले। अकाउंटेंट केशवराम वर्मा ने बताया कि प्रभारी बृजेन्द्र बहादुर वर्मा विभागीय कार्य से भिनगा गए हैं। समिति पर एनपीके की 70 बोरियां उपलब्ध हैं, जिनका वितरण किया जा रहा है।

लालबोझा में कागजात जमा करने के बाद मिल रही खाद

बहुउद्देश्यीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लालबोझा दरवेश पर किसानों की भीड़ लगी मिली। समिति प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण एक दिन पहले किसानों के कागजात जमा कराए जाते हैं और अगले दिन खाद दी जाती है। सात नवंबर को आई 400 बोरी डीएपी में से 122 बोरी शेष हैं। इसके अलावा एनपीके की 32 और यूरिया की 221 बोरियां उपलब्ध हैं।

कहीं यूरिया तो कहीं डीएपी का टोटा

बी पैक्स नासिरगंज महादेवा पर डीएपी का वितरण होता मिला, लेकिन यूरिया खत्म थी। सचिव यज्ञराम पाठक ने बताया कि जल्द यूरिया की आपूर्ति होगी। वहीं, बी पैक्स लक्ष्मनपुर सेमरहनिया पर डीएपी उपलब्ध नहीं मिली। सचिव नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि पुरानी यूरिया का वितरण किया जा रहा है। एनपीके अगले दिन आने की उम्मीद है। डीएपी की मांग भेजी गई है।

किसानों ने लगाया ओवररेटिंग का आरोप

बी पैक्स नासिरगंज महादेवा पर खाद लेने पहुंचे किसान लक्ष्मीनारायण यादव ने आरोप लगाया कि 277 रुपये की यूरिया 280 रुपये और 1350 रुपये की डीएपी 1360 रुपये में बेची जा रही है। लक्ष्मनपुर के शिवकुमार और नासिरगंज बाजार के रंगी लाल ने भी यही आरोप लगाया। वहीं, लालबोझा दरवेश समिति पर सोनपुर कला के पंचराम और बालापुर के बड़ेलाल यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को डीएपी के लिए 1370 रुपये प्रति बोरी के हिसाब से रुपये और कागजात जमा किए थे, लेकिन शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक खाद नहीं मिली थी। किसानों ने खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने और ओवररेटिंग पर रोक लगाने की मांग की।

लालबोझा दरवेशगांव में सहकारी समिति पर लगी भीड़।

लालबोझा दरवेशगांव में सहकारी समिति पर लगी भीड़।

लालबोझा दरवेशगांव में सहकारी समिति पर लगी भीड़।

लालबोझा दरवेशगांव में सहकारी समिति पर लगी भीड़।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X