Sitapur News:अफसरों से लेकर विद्यार्थियों तक ने ली संविधान प्रस्तावना की शपथ – From Officials To Students, Everyone Took An Oath To Uphold The Preamble To The Constitution
सीतापुर। संविधान दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक खालिद अंजुम सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए शपथ दिलाई। सभी थानों में भी प्रभारियों ने पुलिसकर्मियों को संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता से आनंदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नैपालापुर में एक स्वर, एक संविधान कार्यक्रम आयोजित हुआ। न्यायिक अधिकारियों और विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया तथा मौलिक कर्तव्यों की शपथ ली। रिजेंसी पब्लिक स्कूल, सिंघानिया एजुकेशनल इंस्टीट्यूट और केंद्रीय विद्यालय में भी विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया गया।
इसके अलावा चंद्र भगवान लॉ कॉलेज मिश्रिख में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव की अध्यक्षता में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, कानूनी संरक्षण और पराविधिक स्वयंसेवकों की भूमिका की जानकारी दी गई। लहरपुर के एसआर पब्लिक इंटर कॉलेज में भी ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को संविधान के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। पीएलवी रहमत अंसारी ने समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बाल अधिकारों की जानकारी दी, जबकि अधिकार मित्र उर्मिला ने कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न तथा 12 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में बताया। इसके अलावा पूरे जिले में भी विविध आयोजन किए गए।
