सोनभद्र/करमा। थाना क्षेत्र के रमपथरा गांव में शराब की दुकान के पास नशे की हालत में एक युवक को तेजी से धक्का दे देने, इसके चलते सिर में गहरी चोट लगने से मौत मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी का रविवार की दोपहर बाद गैर इरादतन हत्या के तहत चालान कर दिया गया। बताते चलें कि करमा थाना क्षेत्र के सिरसिया ठकुराई लोहरतलिया निवासी कमलेश यादव ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि बेलहवा निवासी सुरेंद्र यादव उर्फ लल्लू ओर मुकेश यादव ने सरंगा निवासी भांजे शिवशंकर को गंभीर चोट पहुंचाई है। उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। गंभीर हालत देख वाराणसी रेफर किया गया। रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण को गैर इरादतन हत्या में तरमीम कर मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि सुरेंद्र ने नशे की हालत में शिवशंकर को तेजी से धक्का दे दिया गया। इससे उसके सिर में गंंभीर चोट आ गई थी। इसी चोट के चलते उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि आरोपी को एसआई मनोज सिंह की अगुवाई वाली टीम ने रविवार की दोपहर करीब पौने दो बजे महुअरिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद गैर इरादतन हत्या के आरोप में चालान कर दिया गया।