Sonipat News:कूड़ा डंपिंग प्वाइंट हटाने की मांग को सामाजिक संगठनों का समर्थन, महापंचायत कल – Social Organizations Support The Demand For Removal Of Garbage Dumping Points, Mahapanchayat Tomorrow
-सोनीपत समाज पंचायत ने धरना स्थल पर पहुंचकर उठाई आवाज, आबादी से दूर डंपिंग प्वाइंट शिफ्ट करने की मांग
– रविवार को बाबा धाम परिसर में दोपहर दो बजे बुलाई महापंचायत, आंदोलन की आगामी रणनीति होगी तय
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने सब्जी मंडी से बाबा धाम के बीच मुख्य मार्ग पर बने कूड़ा डंपिंग प्वाइंट हटाने की मांग का समर्थन किया। शुक्रवार को धरना छठे दिन भी जारी रहा। सोनीपत समाज पंचायत के पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचकर नगर निगम प्रशासन से डंपिंग प्वाइंट को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की।
सोनीपत समाज पंचायत के संयोजक संजय सिंगला और सह संयोजक अशोक खत्री ने कहा कि लोगों को दुर्गंध और बीमारियों के खतरे के बीच रहना मजबूरी बन चुकी है। यहां कूड़े का डंपिंग पॉइंट होना आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि शहर के नागरिकों को स्वच्छ वातावरण में रहने का अधिकार है।
संजय सिंगला, अशोक खत्री और पार्षद प्रतिनिधि मुकेश सैनी ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि डंपिंग प्वाइंट को मुख्य सड़क और आबादी से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही शहर में कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक कॉलोनी की नहीं, बल्कि पूरे शहर के स्वच्छ वातावरण और नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ी है। प्रदर्शन में जिला व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष रविंद्र सरोहा, प्रेम गौतम, सब्जी मंडी प्रधान कुलदीप सहरावत, राजकुमार भारद्वाज, सूबे सिंह फौजी, ईश्वर सैनी, जयभगवान, संजीव, चांद, मामनचंद भी मौजूद रहे।
रविवार को बाबा धाम में महापंचायत
आंदोलन की आगामी रणनीति तय करने और समस्या के समाधान के लिए रविवार दोपहर दो बजे कामी रोड स्थित बाबा धाम परिसर में महापंचायत बुलाई गई है। इसमें शहर की सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से पहुंचने की अपील की गई है। धरने का नेतृत्व सोनीपत समाज पंचायत के सहसंयोजक अशोक खत्री, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश सैनी कर रहे हैं।
