Tehri News:स्यांसू-मटियाली सड़क की बदहाली से ग्रामीणों में आक्रोश – Villagers Are Angry Over The Poor Condition Of The Syansu-matiyali Road
सड़क में गड्ढों की भरमार, जोखिमभरा सफर करने को मजबूर हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक के पांच राजस्व गांवों को जोड़ने वाली स्यांसू-मटियाली सड़क बदहाली का दंश झेल रही है। आठ किमी लंबी इस सड़क का निर्माण वर्ष 2007 में हुआ था लेकिन करीब 19 साल बीतने के बाद भी इस पर डामरीकरण नहीं हो पाया है। नतीजतन सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हैं। उखड़ी सड़क और गड्ढों के बीच ग्रामीणों को जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है।
सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन गुजरते ही धूल के गुबार उठने लगते हैं। इससे सामने और पीछे से आने वाले वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते। ऐसे में हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सड़क पर गड्ढे होने से वाहन चालकों को भी आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्यांसू-मटियाली सड़क से मटियाली, चौपड़ा, रतवाड़ी, लाव्खा और मजोली गांवों के सैकड़ों लोग प्रतिदिन जिला मुख्यालय, तहसील और बाजार के लिए आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर डामरीकरण और नालियों के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसके लिए विभिन्न मंचों के साथ ही शासन-प्रशासन को कई बार ज्ञापन भी भेजे गए लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्राम प्रधान मुकेश सिंह जड़धारी, पूर्व प्रधान मधु जड़धारी, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र रांगड़, ज्ञान चंद रमोला, शंकर चंद रमोला का कहना है कि सड़क की बदहाली से ग्रामीणों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सुधारीकरण नहीं होने से लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्यांसू-मटियाली सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने किया था। अब इस सड़क का डीपीआर तैयार कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण की दूसरी सूची में केंद्र सरकार को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद ही सड़क पर डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य किया जाएगा।
-अनिल कुमार, सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई टिहरी
