रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अमेरिका:मियामी एयरपोर्ट पर रनवे से फिसला फेडएक्स का विमान, उड़ानों पर असर; क्या हुआ? – Fedex Cargo Aircraft Overran A Runway At Miami International Airport On Wednesday Night
दुनिया

अमेरिका:मियामी एयरपोर्ट पर रनवे से फिसला फेडएक्स का विमान, उड़ानों पर असर; क्या हुआ? – Fedex Cargo Aircraft Overran A Runway At Miami International Airport On Wednesday Night

November 26, 2026


अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार रात (स्थानीय समय) एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां फेडएक्स का एक मालवाहक विमान रनवे से आगे निकल गया। इसके बाद एक रनवे को छोड़कर बाकी सभी रनवे अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए। इससे विमानों का संचालन प्रभावित हुआ। यह घटना थैंक्सगिविंग त्योहार से ठीक एक दिन पहले हुई।

हवाई अड्डे के अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना रात करीब 8:40 बजे हुई। इसमें किसी के घायल होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। मियामी-डेड दमकल और बचाव दल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

मैकडॉनेल डगलस एमडी-11 विमान मेम्फिस से आ रहा था। इसी दौरान वह रनवे से आगे निकल गया। संघीय विमानन प्रशासन ने कहा कि उड़ानें जल्द ही फिर से शुरू होने की उम्मीद है। साथ ही, वह इस घटना की जांच करेगा।

फेडएक्स ने क्या बताया?

फेडएक्स ने कहा कि विमान को उतरते समय ‘एक समस्या हुई थी’। कंपनी जांच कर रहे अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है। कंपनी ने बयान में कहा, ‘हमें राहत है कि हमारा चालक दल सुरक्षित है और किसी के घायल होने की खबर नहीं है’।

एमडी-11 विमानों की उड़ान फिर कब शुरू हुई थी?

फेडएक्स ने मई में एमडी-11 विमानों से फिर पैकेट पहुंचाने का काम शुरू किया था। इससे पहले पिछले साल केंटकी में उड़ान भरते समय इसी तरह का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में यूपीएस विमान का बायां इंजन अलग होकर गिर गया था। तीन पायलटों और जमीन पर मौजूद 12 लोगों की मौत हुई थी। संघीय विमानन प्रशासन ने एमडी-11 विमानों के लिए बोइंग के सुझाए सुधार को मंजूरी दी थी। यह मंजूरी  विस्तृत समीक्षा के बाद दी गई थी।

यात्रियों को क्या सलाह दी?

हवाई अड्डे ने बुधवार रात यात्रा करने वाले यात्रियों से खास अपील की। उसने कहा कि हवाई अड्डे आने से पहले अपनी एयरलाइंस से उड़ानों की ताजा जानकारी जरूर ले लें। हवाई अड्डे ने एक बयान में कहा, ‘हम सामान्य उड़ान संचालन को सुरक्षित तरीके से फिर से शुरू करने के लिए काम कर रहे हैं। इस दौरान यात्रियों के धैर्य के लिए हम उनका आभार जताते हैं’।

तीन महीने पहले भी हुआ था ऐसा हादसा?

यह घटना सितंबर में हुए एक अन्य हादसे के करीब तीन महीने बाद हुई है। उस समय अमेजन का एक मालवाहक विमान भी इसी हवाई अड्डे पर दूसरे रनवे से आगे निकल गया था। उस हादसे में जमीन पर मौजूद पांच लोगों की मौत हो गई थी।

बुधवार को हुई घटना में विमान एक अलग रनवे से आगे निकला था। हालांकि, मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के तीन रनवे पश्चिमी छोर पर एक-दूसरे से मिलते हैं। इस वजह से फेडएक्स का विमान सितंबर में हुए हादसे वाली जगह के काफी करीब पहुंच गया था।

हाल में मियामी हवाई अड्डे पर और क्या हुआ था?

यह घटना मियामी हवाई अड्डे पर दो विमानों की मामूली टक्कर के दो सप्ताह से भी कम समय बाद हुई है। यह टक्कर टैक्सीवे के चौराहे पर हुई थी। वहां कोपा की उड़ान के पंख और यूपीएस विमान का अगला हिस्सा आपस में टकरा गए थे। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने कहा कि बुधवार की घटना के बारे में उसके पास कोई जानकारी नहीं है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X