उत्तरकाशी गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल आज शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए। सऊदी अरब में लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में उलझे रहने के बाद अब वह अपने परिवार के पास लौट सकेंगे। उनकी वापसी के लिए बेटी दीपिका नौटियाल ने लगातार प्रयास किए। उनकी अपील पर लोगों ने करीब 2.51 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाई, जिससे सऊदी अरब की अदालत की ओर से तय मुआवजे की रकम जमा कराई जा सकी।
इंद्रमणि वर्ष 2018 में रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। रियाद की एक निजी कंपनी में वह ट्रक चलाते थे। वर्ष 2019 में उनके ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई थी। दुर्घटना में कार सवार पांच सऊदी नागरिकों की जान चली गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था।
इस मामले में सऊदी अरब की अदालत ने इंद्रमणि को करीब एक साल की कैद की सजा सुनाई थी। उन्होंने जेल की सजा पूरी कर ली, लेकिन मुआवजे की रकम जमा नहीं होने के कारण उनकी रिहाई और भारत लौटने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।