एरोट्रोपोलिस एक्सटेंशन :गमाडा 1400 एकड़ जमीन का करेगा अधिग्रहण, चार गांवों में दिसंबर में होगी जनसुनवाई – Aerotropolis Extension: Gmada To Acquire 1,400 Acres Of Land; Public Hearings To Be Held In Four Villages In December
सेखनमाजरा, टंगोरी, खिजरगढ़ और बनूड़ में परियोजना के लिए जमीन जुटाएगा, एक्सपो सिटी के धर्मगढ़ के लिए भी 24 को सुनवाई
विशाल शंकर
मोहाली। गमाडा ने एरोट्रोपोलिस एक्सटेंशन और एक्सपो सिटी परियोजनाओं के लिए 1400 एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके तहत चार गांवों से करीब 1310.53 एकड़ जमीन आवासीय परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की जाएगी। वहीं, एक्सपो सिटी के लिए धर्मगढ़ गांव से 75.05 एकड़ जमीन ली जाएगी, जिसके लिए दिसंबर में जनसुनवाई होगी।
भूमि अधिग्रहण कलेक्टर, शहरी विकास विभाग की ओर से सार्वजनिक सूचनाएं जारी की गई हैं। एरोट्रोपोलिस एक्सटेंशन के आवासीय परियोजना के लिए सेखनमाजरा गांव में 1100.125 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने का प्रस्ताव है। यहां 18 दिसंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे गुरुद्वारा साहिब में जनसुनवाई होगी। इसी दिन खिजरगढ़ गांव में 23.6667 एकड़ जमीन के लिए दोपहर दो बजे गुरुद्वारा साहिब में सुनवाई रखी गई है। टंगोरी गांव में 159.7188 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को लेकर 22 दिसंबर को दोपहर दो बजे गुरुद्वारा साहिब में जनसुनवाई होगी। इसी दिन बनूड़ गांव में 27.0208 एकड़ जमीन के लिए सुबह 11:30 बजे गुरुद्वारा साहिब में प्रभावित जमीन मालिकों की बात सुनी जाएगी। इन सुनवाइयों में प्रभावित जमीन मालिकों को अपनी आपत्तियां और सुझाव रखने का अवसर मिलेगा। यह प्रक्रिया जमीन अधिग्रहण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। इन जनसुनवाइयों के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
एक्सपो सिटी परियोजना के लिए सुनवाई
गमाडा की एक्सपो सिटी परियोजना के लिए धर्मगढ़ गांव में 75.0563 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जानी है। इसके लिए 24 दिसंबर को गांव के गुरुद्वारा साहिब में जनसुनवाई होगी। इससे पहले, एक्सपो सिटी में शामिल सफीपुर, नंडियाली और रुढ़का गांवों की संयुक्त जनसुनवाई 12 अक्तूबर को रुढ़का में हो चुकी है। धर्मगढ़ में प्रस्तावित जमीन का रकबा अधिक होने के कारण इसकी अलग सुनवाई निर्धारित की गई है।
जनसुनवाई का उद्देश्य और प्रक्रिया
ये सभी जनसुनवाई भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन में उचित मुआवजे और पारदर्शिता के अधिकार अधिनियम-2013 की धारा 16(5) के तहत की जाएंगी। अतिरिक्त उपायुक्त-सह-प्रशासक (पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन) इनकी अध्यक्षता करेंगे।
