कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गांव स्थित पासीपुरवा में सोमवार रात तालाब के किनारे जुआ खेलने के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम प्रधान ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने से दो युवक घायल हो गए। एक के दाहिने हाथ और दूसरे के पेट में गोली लगी है। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा के अनुसार, नौ नवंबर की रात करीब 10:30 बजे मोहांव गांव के पासीपुरवा में तालाब के किनारे आठ से दस लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान ग्राम सभा बकराबाद का प्रधान संजय बिंद पुत्र फिरंगी अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। वह भी जुआ खेलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और संजय बिंद ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी।