रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
तमिलनाडु:कार्तिगई दीपम पर विजय सरकार ने शीर्ष कोर्ट में दाखिल की पुनर्विचार याचिका; भाजपा ने घेरा; क्या कहा? – Karthigai Deepam Lamp Deepathoon Controversy: Tamil Nadu Government Review Petition In Supreme Court
देश

तमिलनाडु:कार्तिगई दीपम पर विजय सरकार ने शीर्ष कोर्ट में दाखिल की पुनर्विचार याचिका; भाजपा ने घेरा; क्या कहा? – Karthigai Deepam Lamp Deepathoon Controversy: Tamil Nadu Government Review Petition In Supreme Court

November 23, 2026


तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से अपने आदेश पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। यह आदेश मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने से जुड़ा है। 

सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर 2026 को पहाड़ी पर स्थित दीपथून (दीप स्तंभ) पर दीपक जलाने की अनुमति दी थी। यह अनुमति केवल एक बार के लिए अंतरिम व्यवस्था के तौर पर दी गई थी। अब राज्य सरकार ने इस आदेश पर पुनर्विचार का आग्रह किया है। इसके लिए पुनर्विचार याचिका दाखिल की गई है। यह याचिका राज्य के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त ने दाखिल की है। इसमें सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश को चुनौती दी गई है।

ये भी पढ़ें: ‘आदिवासियों की जमीन हड़प रहे भू-माफिया’: सीजेपी ने भाजपा सरकार को घेरा, किस पार्टी को वोट देने की अपील की?

सुप्रीम कोर्ट की पीठ में न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली शामिल थे। पीठ ने दीपथून पर दीपक जलाने की अनुमति दी थी। साथ ही, मद्रास हाईकोर्ट के फैसले में की गई कुछ टिप्पणियों पर रोक लगा दी थी। त्योहार करीब होने के कारण शीर्ष कोर्ट ने मंगलवार (कल) को विशेष व्यवस्था के तहत सिर्फ एक बार दीपम जलाने की अनुमति दी थी।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस व्यवस्था के लिए कुछ सख्त शर्तें भी रखी थीं। कोर्ट ने साफ किया था कि आम लोगों को इस जगह पर जाने की अनुमति नहीं होगी। वहां कोई शोभायात्रा या प्रदर्शन भी नहीं किया जा सकेगा। केवल मंदिर प्रशासन यानी देवस्थानम के अधिकृत प्रतिनिधि और सरकारी अधिकारी ही वहां जा सकेंगे। 

कोर्ट ने मदुरै के जिला कलेक्टर को इस व्यवस्था की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया था। इसके अलावा, सुरक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तैनाती की अनुमति भी दी थी।

विजय सरकार की क्या दलील है?

राज्य सरकार का कहना है कि कार्तिगई दीपम का दीपक परंपरागत रूप से उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडपम में जलाया जाता है। सरकार के मुताबिक, विवादित पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने की कोई स्थापित परंपरा नहीं है। इस स्तंभ को दीपथून के नाम से जाना जाता है।

यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। सरकार ने चिंता जताई है कि विवादित जगह पर दीपक जलाने से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है। इससे सांप्रदायिक सौहार्द पर भी असर पड़ सकता है।

सुप्रीम कोर्ट पहले ही साफ कर चुका है कि 24 नवंबर के कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति से कोई स्थायी अधिकार नहीं मिलेगा। इसे भविष्य के कार्यक्रमों के लिए मिसाल भी नहीं माना जाएगा। मुख्य मामले और धार्मिक अधिकारों से जुड़े बड़े सवालों पर जनवरी 2027 में विस्तार से सुनवाई होने की संभावना है।

भाजपा ने तमिलनाडु सरकार पर क्या आरोप लगाए?

इस बीच, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने रविवार को तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पुनर्विचार की मांग करने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार पर हिंदू विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही, इसे वोट बैंक की राजनीति बताया।

नागेंद्रन ने एक्स पर एक पोस्ट में सरकार से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि सरकार दीपथून पर दीपक जलाने का विरोध क्यों कर रही है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के फैसले की भी निंदा की।

ये भी पढ़ें: भारत में डिजिटल सुविधाएं बढ़ीं: 83 फीसदी घरों में इंटरनेट, पर 40% ग्रामीण जेन-जी ईमेल की पहुंच से दूर

उन्होंने कहा, ‘जब दीपथून (दीप स्तंभ) पर दीपक जलाने के लिए कहा गया, तो सरकार इतनी परेशान क्यों हो रही है? मैं सरकार के हिंदू विरोधी रुख की कड़ी निंदा करता हूं। सरकार ने कार्तिगई दीपम के दिन तिरुपरनकुंद्रम के दीप स्तंभ पर दीपक जलाने की अनुमति देने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पुनर्विचारकी मांग करते हुए याचिका दाखिल की है’। 

उन्होंने कहा, ‘जब दूसरे सभी संगठन सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए संयम बरत रहे हैं, तो केवल टीवीके सरकार ही पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की इतनी जल्दी क्यों कर रही है? क्या हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (जिसका काम मंदिरों की संपत्तियों की रक्षा करना है) ‘कंधार पहाड़ी’ को ‘सिकंदर पहाड़ी’ बनाने के लिए उत्सुक है? क्या जोसेफ विजय को वोट बैंक की राजनीति के लिए इतना नीचे गिरना चाहिए?’

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X