रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
देवास:सागर ट्रैवल्स की बस से पार्सल के जरिए इंदौर से देवास भेजी जा रही थी शराब, भाजपा नेता समेत तीन गिरफ्तार – Liquor Was Being Transported From Indore To Dewas Via A Sagar Travels Bus
देवास

देवास:सागर ट्रैवल्स की बस से पार्सल के जरिए इंदौर से देवास भेजी जा रही थी शराब, भाजपा नेता समेत तीन गिरफ्तार – Liquor Was Being Transported From Indore To Dewas Via A Sagar Travels Bus

November 25, 2026


Liquor was being transported from Indore to Dewas via a Sagar Travels bus

पार्सल लेने पहुंचे भाजपा नेता धीरज सोलंकी को गिरफ्तार किया गया है।

विस्तार

इंदौर से देवास के बीच संचालित सागर ट्रैवल्स की यात्री बस से अवैध शराब परिवहन का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए बस से विदेशी शराब के 100 पाव जब्त किए हैं। इस मामले में शराब का पार्सल लेने पहुंचे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला सह कोषाध्यक्ष धीरज सोलंकी सहित बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब और बस सहित कुल सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 12 लाख 17 हजार रुपये बताया गया है।

पार्सल पर लिखा था ‘संजीवनी’, सीट के नीचे छिपाई थी शराब

आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर-देवास रूट पर चलने वाली सागर ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 41 पी 3377 से अवैध रूप से शराब भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने कंट्रोलर दिलीप कनासे के नेतृत्व में वनमंडल कार्यालय देवास के पास बस स्टॉप पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद बस वहां पहुंची। चालक और कंडक्टर ने शराब से भरा पार्सल नीचे उतारकर एक व्यक्ति को सौंपा। टीम ने तत्काल पार्सल लेने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया। उसकी पहचान धीरज सोलंकी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर कार्टून से लंदन व्हिस्की ब्रांड की विदेशी शराब के 100 पाव बरामद हुए। जांच में सामने आया कि शराब को सामान्य पार्सल की तरह कार्टून में पैक किया गया था। पहचान के लिए उस पर ‘संजीवनी’ लिखा गया था। बताया जा रहा है कि कार्टून को बस में यात्रियों की सीट के नीचे रखा गया था और इंदौर से देवास पहुंचाने के लिए महज 50 रुपये किराया दिया गया था।

बस चालक और कंडक्टर भी गिरफ्तार

पार्सल लेने वाले धीरज सोलंकी को पकड़ने के बाद आबकारी टीम ने देवास बस स्टैंड पहुंचकर बस को भी जब्त कर लिया। कार्रवाई में बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया। शराब की अनुमानित कीमत करीब 17 हजार रुपये बताई गई है, जबकि बस सहित जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब 12 लाख 17 हजार रुपये आंका गया है।

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इस परिवहन में अन्य कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यात्री बस के जरिए पहले भी इसी तरह पार्सल के नाम पर शराब भेजी गई है या नहीं। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक अरविंद जीनवाल, आरक्षक आशीष गुप्ता, सनत कुमार, निकिता परमार और सैनिक किशोर सिसोदिया शामिल रहे।

यात्री बस से पहुंची शराब लेने वाले व्यक्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने बस जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X