न खून की जांच, न सुई का दर्द… दांतों में फंसी गंदगी बता देगी कैसी है शरीर की सेहत? वैज्ञानिकों ने बनाया नया डेंटल फ्लॉस
न खून की जांच, न सुई का दर्द… दांतों की गंदगी बताएगी कैसी है शरीर की सेहत
Last Updated:
हांगकांग यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा डेंटल फ्लॉस विकसित किया है, जो दांतों की सफाई के साथ ही शरीर के मेटाबॉलिज्म, यूरिक एसिड और ग्लूकोज स्तर की भी जांच करेगा. इससे बिना खून निकाले बीमारियों क
फ्लॉस जो वैज्ञानिकों ने बनाया है. (फोटो-हांगकांग यूनिवर्सिटी वाया साइंस अलर्ट)
दांतों की सफाई में काम आने वाला डेंटल फ्लॉस सिर्फ मुंह की गंदगी निकालने तक सीमित नहीं रहेगा. ये फ्लॉस इस गंदगी से ये भी पता लगाएगा कि शरीर की सेहत कैसी है. इसके लिए वैज्ञानिकों ने खास तरह की फ्लॉसिंग डिवाइस विकसित की है. ये दांतों के बीच फंसी गंदगी के साथ मसूड़ों से निकलने वाले खास तरह के लिक्विड की जांच करती है. इससे पता चलता है कि शरीर का मेटाबॉलिज्म कैसा है. इसके अलावा यह यूरिक एसिड और ग्लूकोज का स्तर भी पता लगा सकता है.
डिवाइस को हांगकांग यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के बायोटेक्नोलॉजिसट ह्निन यिन यिन न्येन और उनकी टीम ने बनाया है. इसमें एक खास तरह की पुली सिस्टम और माइक्रोफ्लूइडिक चैंबर लगाया गया है. जो फ्लॉसिंग के दौरान दांतों और मसूड़ों के बीच मौजूद लिक्विड को इकट्ठा करता है और उसकी बायोमार्कर जांच करता है.इस पूरी प्रक्रिया में चंद मिनट लगते हैं. न तो खून की जांच की जरूरत होती है और न ही सुई का दर्द झेलना पड़ता है. इसी लिक्विड से फ्लॉसर बता देता है कि शरीर किन बीमारियों से ग्रसित है या बीमार होने का खतरा है.
दांतों और मसूड़ों के बीच होता है खास लिक्विड
साइंस अलर्ट में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक फ्लॉसर जिस लिक्विड की जांच करेगा उसे जिंजिवल क्रेविकुलर फ्लूइड कहते हैं. यह दांतों और मसूड़ों के बीच पाया जाता है. इस लिक्विड में खून के साथ ही पदार्थों का आदान-प्रदान होता है, जिसकी जांच से ग्लूकोज, यूरिक एसिड, प्रोटीन और सूजन के बारे में पता चल सकता है. इसके लिए कोई अतिरिक्त काम नहीं करना होता है. फ्लॉसर से जो गंदगी बाहर निकलती है, उसके साथ ही ये लिक्विड भी बाहर आ जाता है.
ब्लड टेस्ट के रिजल्ट जैसे ही हैं फ्लॉस की रीडिंग
हांगकांग यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों ने फ्लॉस के शुरुआती ट्रायल में डायबिटीज, हाइपरयूरिसीमिया वालों पर रिसर्च किया. इसमें फ्लॉसिंग के दौरान जो रीडिंग सामने आई, लगभग वही रिजल्ट ब्लड टेस्ट में भी सामने आया. यही हाल यूरिक एसिड का भी था. वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ये बिना ब्लड सैंपल लिए भी कुछ मेटाबॉलिक स्वास्थ्य स्थितियों का पता लगा सकता है. हालांकि अभी इसे पारंपरिक ब्लड टेस्ट का विकल्प नहीं माना जा सकता.
मसूड़ों की बीमारी भी चलेगी पता
यह डिवाइस केवल डायबिटीज और यूरिक एसिड ही नहीं बल्कि हाइड्रोजन पेरोक्साइड के स्तर के आधार पर मसूड़ों की स्थिति को भी बताएगी. टिस्ट मसूड़ों और दांतों के बीच बनने वाले पॉकेट्स की गहराई को पेरियोडोंटल बीमारी की पहचान के लिए अहम मानते हैं. शुरुआती परीक्षण में डिवाइस इन पॉकेट्स के आकार का अनुमान लगा सकेगी. वैज्ञानिकों के मुताबिक मुंह की सेहत का संबंध केवल दांतों तक सीमित नहीं है. मसूड़ों की बीमारी और शरीर में होने वाली सूजन के बीच संबंध पर कई शोध हो चुके हैं. दरअसल डायबिटीज से पीड़ित लोगों में मसूड़ों की बीमारी का खतरा बढ़ सकता है. मसूड़ों में लंबे समय तक रहने वाली सूजन ब्लड शुगर को कंट्रोल करना भी मुश्किल होता है.
अभी और होगा परीक्षण
साइंस एडवांसेज जर्नल में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक शुरुआती परिणाम भले ही उत्साहजनक है, लेकिन अभी इसके सामने कुछ चुनौतियां हैं. दरअसल अभी ये डिवाइस सिर्फ मसूड़ों का लिक्विड नहीं ले रही है. अभी इसमें लार और खून भी मिल सकता है. ऐसे में जांच के नतीजों पर असर पड़ने की आशंका रहती है.शोधकर्ताओं के मुताबिक बड़े स्तर पर इसका इस्तेमाल करने से पहले अभी इसे और परीक्षण करने होंगे. भविष्य में क्लीनिकल ट्रायल भी किया जाएगा उसके बाद ही इसे आम लोगों की पहुंच तक लाया जाएगा.

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. इससे पहले मैंने, अमर उजाला, हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया है. साथ ही टाइम्स नाउ, जागरण और टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट में राजनीति, इतिहास, शिक्षा, साहित्…
और पढ़ें
