मऊ जिले के सराय लखनसी थाना क्षेत्र के डुमरांव गांव में बुधवार शाम करीब 8 बजे अनिल कुमार की पुत्री की शादी में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। विवाद में एक पक्ष ने पिता-पुत्र को बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान सोनू और भारत ने रवि कुमार के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल शिवकुमार पुत्र ननयी राम और उनके पुत्र रवि कुमार को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद रवि को ट्रामा सेंटर बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया। शिवकुमार का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि पिंटू पुत्र गोविंद, अर्जुन पुत्र गोविंद, सोनू पुत्र भारत, भारत पुत्र बालचंद, बलवंत पुत्र लोचन, लोचन पुत्र जुगनू, गोविंद पुत्र मिठाई, प्रिंस पुत्र प्रेम प्रकाश, प्रेम प्रकाश पुत्र खेदु, रवि पुत्र भारत समेत करीब 14 लोगों ने पुराने विवाद की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
इस बाबत सीओ सिटी नितेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नामजद पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।