मां के इलाज की चिंता के बीच चमकी किस्मत:ज्योतिष के हिसाब से चुना टिकट नंबर, भारतीय इंजीनियर ने जीते ₹6.3 लाख – Indian Engineer Wins ₹6.3 Lakh With A Lottery Ticket Number Chosen Based On Astrology.
तमिलनाडु के एक 35 वर्षीय इंजीनियर ने दक्षिण भारतीय ज्योतिष के आधार पर अपना टिकट नंबर चुनकर यूएई के ‘बिग टिकट’ ड्रॉ में 25,000 दिरहम (लगभग 6.3 लाख रुपये) जीते हैं। अरविंदन के. के लिए यह जीत एक बहुत ही अहम समय पर मिली है, क्योंकि वह अपनी मां के इलाज के खर्च के लिए पैसों का इंतजाम करने के तरीके तलाश रहे थे। ‘गल्फ न्यूज’ के अनुसार, उन्होंने अपने भाई के साथ मिलकर टिकट खरीदा था, जिसके बाद उन्हें जीत की सूचना देने वाला कॉल आया।
पहली बार भाई के साथ अपनी किस्मत
अरविंदन आमतौर पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर ‘बिग टिकट’ में हिस्सा लेते थे। लेकिन इस बार उन्होंने अपने भाई के साथ अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया और दक्षिण भारतीय ज्योतिष के अनुसार एक नंबर चुना।
अपनी जीत पर क्या बोले?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अपनी जीत के बारे में बात करते हुए, अरविंदन ने कहा कि जब उन्हें इस बारे में कॉल आया, तो वे बहुत उत्साहित थे और खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहे थे। गल्फ न्यूज के अनुसार, उन्होंने कहा, ‘मेरे परिवार को इस आर्थिक मदद की जरूरत थी, खास तौर पर मेरी मां के इलाज के खर्च के लिए। इसलिए, यह जीत हमारे लिए बहुत सही समय पर आई है।’
दोस्तों को लेकर क्या कहा?
इंजीनियर ने अपनी इनामी राशि अपने भाई के साथ बांटने का फैसला किया है। मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले अरविंदन को पिछले साल अबू धाबी में छह महीने के काम के दौरान उनके पुराने साथियों ने ‘बिग टिकट’ के बारे में बताया था। अपना काम पूरा होने के बाद भी वे इस ड्रॉ में हिस्सा लेते रहे और अक्सर अपने दोस्तों के साथ मिलकर टिकट खरीदते थे। उन्हें उम्मीद है कि उनके दोस्तों को भी, जिनमें से कुछ आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, कभी ऐसी ही जीत का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘बिग टिकट’ मेरे लिए बहुत मददगार साबित हुआ है और मैं चाहता हूं कि मेरे दोस्त भी कभी ऐसा ही अनुभव कर सकें।’ गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर महीने के लिए ‘बिग टिकट’ के तीसरे साप्ताहिक इलेक्ट्रॉनिक ड्रॉ में जीतने वाले चार भारतीयों में अरविंदन भी शामिल थे। इन सभी को 25,000 दिरहम (Dh25,000) का इनाम मिला है।
अरविंदन के अलावा और किसे मिली जीत?
अन्य विजेताओं में शारजाह में रहने वाले भारतीय मकरंद निवृत्ति पाटिल और संयुक्त अरब अमीरात में ही रहने वाले शराफुद्दीन कासिम शामिल हैं। चौथी विजेता अबू धाबी में क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर के तौर पर काम करने वाली प्रीथी एंटो एंटनी एंथिक्कट वक्को थीं। बताया जा रहा है कि जीत की खबर मिलने के बाद वे खुशी से रो पड़ीं।
‘बिग टिकट’ के नवंबर प्रमोशन में 25 मिलियन दिरहम (Dh25 मिलियन) का ग्रैंड प्राइज रखा गया है। इसके विजेता की घोषणा 3 दिसंबर को एक लाइव ड्रॉ के दौरान की जाएगी। इस प्रमोशन में साप्ताहिक इलेक्ट्रॉनिक ड्रॉ भी शामिल हैं, जिससे हिस्सा लेने वालों को नकद इनाम जीतने के और भी मौक़े मिलते हैं।
