वृद्धाश्रमों का बढ़ता चलन भारतीय संस्कृति के लिए अभिशाप :अरोड़ा – The Growing Trend Of Old-age Homes Is A Curse For Indian Culture: Arora
सहारनपुर। अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष केएल अरोड़ा ने कहा कि परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाले माता-पिता को वृद्धावस्था में वृद्धाश्रमों में रहने के लिए मजबूर होना पड़े, यह भारतीय संस्कृति के अनुरूप नहीं है। वरिष्ठजनों का स्थान वृद्धाश्रम नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच होना चाहिए।
दिल्ली रोड पश्चिमी क्षेत्र की संस्था की विशेष बैठक राज्य कर्मचारी पेंशन भवन स्थित कार्यालय में हुई। इसमें वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मुद्दों के साथ ही बुजुर्गों और युवाओं के बीच बढ़ती दूरी तथा वृद्धाश्रमों के बढ़ते चलन पर चर्चा की गई। केएल अरोड़ा ने कहा कि संस्था वृद्धाश्रमों की बढ़ती संस्कृति के पक्ष में नहीं है। बुजुर्गों को अपने बच्चों और परिवार के बीच सम्मान के साथ रहने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो माता-पिता जीवनभर मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, वृद्धावस्था में जरूरत पड़ने पर परिवार उनसे दूरी बना ले, यह उचित नहीं है। बैठक में संस्था के अध्यक्ष अजय अत्री, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, महासचिव अरुण सूरी, कैप्टन टीएस चन्नी, आरपी शर्मा, जीएल जसूजा, जितेंद्र कुमार, राकेश शर्मा, लोकेश मलिक, केडी गौतम आदि मौजूद रहे।
