संसद सत्र:कांग्रेस बोली- झूठ बोल रही पीएम-गृह मंत्री की जोड़ी; राउत ने परिसीमन को बताया राष्ट्रविरोधी विधेयक – Political Turmoil Ahead Of The Parliamentary Session: Opposition Opposes Delimitation Bill
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने भी प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का विरोध किया। इसके साथ ही आरोप लगाया कि लोगों की राजनीतिक शक्ति छीनने की भाजपा की एक साजिश है। इसके साथ ही कांग्रेस ने कहा क संसद के आगामी सत्र का महिला आरक्षण से बहुत कम लेना-देना है। यह एक घबराए हुए और परेशान प्रधानमंत्री की हताशा भरी चाल है।
विपक्षी दल ने कहा कि सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले इस सत्र को परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) के लिए बुला रही है, जिसका वे पुरजोर विरोध करेंगे।
संजय राउत ने क्या कहा?
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा, ‘आज शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे हमारे बीच नहीं हैं। शरद पवार अस्वस्थ हैं और ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि वे संघर्ष कर सकें या कोई निर्णय ले सकें। वरना ‘परिसीमन विधेयक’ (डिलिमिटेशन बिल) जैसा राष्ट्र-विरोधी कदम, इतने भ्रष्ट तरीके से संसद में लाने की हिम्मत कोई नहीं कर पाता।’
21वीं सदी के सबसे बड़े गद्दार कौन?
राउत ने आगे कहा कि, ‘परिसीमन, देश की जनता की ताकत छीनने की भाजपा की एक साजिश है। जो कोई भी इसका समर्थन करता है। वह देश की जनता के साथ विश्वासघात कर रहा है। ऐसे लोगों को 21वीं सदी के सबसे बड़े गद्दारों के रूप में जाना जाएगा। इसलिए, हर देशभक्त और लोकतांत्रिक दल को संसद में परिसीमन का विरोध करना चाहिए। उन्होंने आगे लिखा कि इतिहास हमेशा गद्दारों के नाम याद रखता है। गद्दारी के लिए दिए गए तर्क हवा में कहीं खो जाते हैं।’
इसके साथ ही राउत ने कहा, ‘जो भी फैसला लिया जाना है, वह ‘इंडिया’ गठबंधन के भीतर ही लिया जाएगा। कोई भी अपनी मर्जी से अकेले फैसला नहीं ले सकता। अगर मैं ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा हूं – और मैं इसका सदस्य हूं – तो हम सभी को मिलकर फैसला लेना चाहिए, और सभी को इसी तरीके को अपनाना चाहिए। हम सभी को एकजुट रहना चाहिए। यह संकट का समय है; देश एक संकट का सामना कर रहा है। यह कोई व्यक्तिगत संकट नहीं है।
कांग्रेस का क्या कहना है?
वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर कहा, एक बार फिर, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की शरारती जोड़ी झूठ बोल रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने याद दिलाया कि महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने वाला ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ सितंबर 2023 में संसद में सर्वसम्मति से पारित किया गया था। कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे तुरंत लागू करने की मांग भी की थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
रमेश ने कहा कि 16 अप्रैल, 2026 को रात 10:40 बजे तक इस कानून की अधिसूचना जारी नहीं की गई थी। उन्होंने कहा, ‘इसलिए, यह विशेष सत्र महिलाओं के आरक्षण के लिए नहीं है। यह कानून तो पहले से ही मौजूद है, जिसे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी ने तीन साल से अधिक समय से ठंडे बस्ते में डाल रखा है।’
रमेश ने क्या आरोप लगाया?
रमेश ने आरोप लगाया कि यह विशेष सत्र परिसीमन के लिए है, ताकि ऐसे चुनावी क्षेत्र बनाए जा सकें जिनसे भाजपा को फायदा हो। रमेश ने सवाल किया, ‘और चुनावी क्षेत्रों का भूगोल तय करने की जिम्मेदारी किसके पास होगी? यह काम सीईसी (चुनाव आयुक्त) ज्ञानेंद्र कुमार करेंगे, जिनकी साख पूरी तरह खत्म हो चुकी है और जिनकी पोल खुल चुकी है। उन्होंने मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया का मजाक बना दिया है और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को नष्ट कर दिया है।’
रमेश की यह टिप्पणी सरकार द्वारा संसद का एक सत्र बुलाने का प्रस्ताव रखने के एक दिन बाद आई है। इस सत्र में जरूरी कामकाज निपटाए जाएंगे। साथ ही, ऐसे संकेत भी मिल रहे हैं कि परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक फिर से पेश किया जा सकता है।
