सिरोही:मावल में युवक से मारपीट कर लूटे थे 5500 रुपये, नौ महीने बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार – Main Accused In A Robbery Case, Absconding For The Past 9 Months, Arrested
आबूरोड रीको थाना पुलिस ने लूट की वारदात में नौ महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गुजरात के पालनपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों में भी शामिल रहा है। वह आबूरोड सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को खारा निवासी बालाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मावल से मोटरसाइकिल पर अपने घर जा रहा था। रास्ते में 3-4 लोगों ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवा ली और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से 5500 रुपये नकद और घरेलू सामान लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात में शामिल एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी दीताराम फरार था।
पुलिस से बचने के लिए बदलता रहा ठिकाने
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी घर छोड़कर अलग-अलग स्थानों पर रहने लगा था। उसकी तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी। आरोपी के दिल्ली में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम वहां भी पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वह फरार हो गया। इसके बाद भी पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी। आरोपी के अहमदाबाद से घर लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पालनपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पढे़ं: तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी, सेना के जवान समेत तीन की मौत; एक गंभीर
चोरी, लूट और डकैती की वारदातों में रहा शामिल
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीताराम पुत्र सुखाराम गरासिया (24), निवासी माताफली, थाना आबूरोड सदर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों में शामिल रहा है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार और वृत्ताधिकारी आबूपर्वत जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में की गई। रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में गठित टीम में बाबूलाल, प्रागाराम, हरिसिंह, विजयसिंह, प्रकाश और भूपेश शामिल रहे। आरोपी की गिरफ्तारी में कांस्टेबल हरिसिंह और विजयसिंह की विशेष भूमिका रही।
