रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सोनपुर मेले का आज से आगाज:21 साल बाद मुख्यमंत्री के हाथों होगा उद्घाटन; 32 दिनों तक परंपरा-आधुनिकता का संगम – Bihar News Cm Samrat Choudhary To Inaugurate Sonpur Mela Today Vaishali News
सारण

सोनपुर मेले का आज से आगाज:21 साल बाद मुख्यमंत्री के हाथों होगा उद्घाटन; 32 दिनों तक परंपरा-आधुनिकता का संगम – Bihar News Cm Samrat Choudhary To Inaugurate Sonpur Mela Today Vaishali News

November 22, 2026


एशिया के सबसे बड़े पशु मेले के रूप में पहचान रखने वाले हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का रविवार को भव्य आगाज होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शाम पांच बजे नखास क्षेत्र स्थित पर्यटन विभाग के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल पर मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। करीब 21 वर्षों बाद ऐसा मौका आएगा, जब बिहार के मुख्यमंत्री खुद इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले आखिरी बार वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोनपुर मेले का उद्घाटन किया था।मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी पहली बार सोनपुर मेला का शुभारंभ करेंगे।

इस मेले को लेकर सोनपुर सहित पूरे सारण क्षेत्र में उत्साह है। गंगा और गंडक के संगम पर लगने वाले इस मेले में पशु बाजार की रौनक बढ़ने लगी है। घोड़ा बाजार में अलग-अलग नस्लों के रंग-बिरंगे घोड़े पहुंच चुके हैं। घोड़ों के अलावा हाथी, गाय, बैल और अन्य पशुओं की भी खरीद-बिक्री होगी। पशु व्यापार के साथ मेले की पारंपरिक पहचान को करीब से देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

पर्यटकों के लिए तैयार हुए छह स्विस कॉटेज

इस बार मेले में परंपरा के साथ आधुनिक सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है। पर्यटन विभाग ने पर्यटकों के ठहरने के लिए फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाओं वाले छह स्विस कॉटेज तैयार किए हैं। इनमें ठहरने के लिए भारतीय पर्यटकों को प्रतिदिन तीन हजार रुपये और विदेशी पर्यटकों को पांच हजार रुपये देने होंगे। मेले में सांस्कृतिक पंडाल, आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज, लाइट एंड साउंड शो और गंगा आरती जैसे कार्यक्रम भी होंगे। इसके अलावा नौका दौड़, कुश्ती और पतंगबाजी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

पटना से सोनपुर के लिए विशेष टूर पैकेज

पर्यटकों की सुविधा के लिए बिहार पर्यटन निगम ने पटना से सोनपुर मेले तक विशेष टूर पैकेज जारी किया है। दो लोगों के लिए एक रात और दो दिन के फैमिली पैकेज की कीमत 5,200 रुपये निर्धारित की गई है। इससे पटना और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों को मेले की सैर करने में सुविधा होगी।

सुरक्षा और यातायात को लेकर प्रशासन अलर्ट

मेले में आने वाले लोगों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। 22 नवंबर से शुरू होकर 23 दिसंबर तक चलने वाला यह मेला 32 दिनों तक चलेगा। इस दौरान देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बिहार की लोक संस्कृति, पशु व्यापार और पारंपरिक आयोजनों को देखने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री बाबा हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X