हसायन थाना अंतर्गत नगला मानधाती गांव के बाहर आम के बाग में शुक्रवार दोपहर दो युवकों ने रस्सी के सहारे पेड़ पर फंदा लगा लिया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि इन युवकों का एक दोस्त किसी लड़की को लेकर भाग गया। इस मामले में दोनों का नाम सामने आने पर वे पुलिस की कार्रवाई से डर गए।
नगला मानधाती के रहने वाले आदित्य उर्फ सीटू यादव (22) और दीपांशु यादव (22) शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकले। करीब दो किलोमीटर दूर असोई गांव के बाहर साबिर अली के आम के बाग में दोनों ने रस्सी से फंदा लगा लिया। कुछ राहगीरों की नजर युवकों पर पड़ी। तब तक आदित्य की मौत हो चुकी थी। दीपांशु फंदे से लटका तड़प रहा था। तभी रस्सी टूट गई। ग्रामीण उसे सिकंदराराऊ स्थित निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने आदित्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इनका कहना है
पेड़ पर दो युवकों ने फंदा लगाया था जिसमें एक की मौत हो गई। एक युवक का उपचार चल रहा है। मौत की वजह को लेकर अभी जांच की जा रही है। लड़की ले जाने वाले एंगल को भी खंगाला जा रहा है। परिजनों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। -अमित पाठक, सीओ, सिकंदराराऊ