शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलरामपुर

युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा से ही विकसित होगा भारत :कुलपति – India Will Develop Through The Positive Energy Of Its Youth: Vice-chancellor

November 7, 2026


बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को विकसित भारत युवा संसद भाषण-2027 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में युवाओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव सुधार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर तार्किक ढंग से अपनी बात रखी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा, रचनात्मक सोच और संवेदनशीलता से ही भारत विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य हासिल कर सकता है। भारत की युवा आबादी उसकी बड़ी ताकत है, लेकिन विधानसभा और लोकसभा में 25 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की भागीदारी अभी भी सीमित है। युवाओं में नेतृत्व करने की अपार क्षमता है। नेतृत्व क्षमता जन्मजात नहीं होती, बल्कि सामाजिक परिवेश और अनुभवों के माध्यम से विकसित होती है।

जिला युवा कार्यक्रम अधिकारी मनीषचंद्र चौधरी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन और प्रभावी अभिव्यक्ति का विकास होता है।

प्रतियोगिता में प्रदक्षिणा शुक्ला ने प्रथम, सुमैया ने द्वितीय और शगुन बाजपेयी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीन अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। निर्णायक मंडल में आकाशवाणी के रामकुमार मिश्रा, प्रो. बीपी सिंह, डॉ. नरगिस बानो, डॉ. राजश्री कमल और उत्तम सिंह पाल शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकृति विज्ञा और अंश चावला ने किया। इस दौरान कुलसचिव परमानंद सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X