Una News:पहले टेंडर में एक ही कंपनी ने लिया भाग, अब चार दिसंबर से होगा चिंतपूर्णी महोत्सव – Only One Company Participated In The Initial Tender; The Chintpurni Mahotsav Will Now Take Place Starting December 4th
ऊना। चिंतपूर्णी महोत्सव के आयोजन के लिए पहली बार किए गए टेंडर में केवल एक कंपनी के भाग लेने के कारण महोत्सव की तारीख आगे बढ़ानी पड़ी है। पहले 22 नवंबर से शुरू होने वाला तीन दिवसीय चिंतपूर्णी महोत्सव अब चार दिसंबर से शुरू होगा। प्रशासन ने पहले टेंडर को रद्द कर दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए 17 नवंबर को टेंडर खोला जाएगा।
महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रशासन ने पहले किया टेंडर 30 अक्तूबर को खोला था। इसमें केवल एक ही कंपनी ने टेंडर भरा था। ऐसे में पर्याप्त प्रतिस्पर्धा नहीं होने के कारण प्रशासन ने इस टेंडर को रद्द कर दिया। अब नए सिरे से टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। पहले टेंडर की न्यूनतम बोली राशि 20 लाख रुपये रखी गई थी, जिसे बढ़ाकर अब 25 लाख रुपये कर दिया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, कुल्लू में चल रहे दशहरा मेले के चलते कंपनियों ने चिंतपूर्णी महोत्सव के आयोजन के टेंडर में रुचि नहीं दिखाई। अधिकतर बड़ी कंपनियां वर्तमान में कुल्लू दशहरा मेले में बाजार लगाए हुए हैं। ऐसे में चिंतपूर्णी महोत्सव के आयोजन टेंडर में भाग लेने के लिए कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में पहली बार टेंडर में एक ही कंपनी के भाग लेने के कारण पूरी प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ी। इसका असर महोत्सव की प्रस्तावित तारीख पर भी पड़ा है।
अंब स्कूल ग्राउंड में होगा आयोजन
प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि चार दिसंबर से तीन दिवसीय चिंतपूर्णी महोत्सव का आयोजन अंब स्कूल ग्राउंड में किया जाएगा। प्रशासन की ओर से 17 नवंबर को टेंडर खोलने के बाद आयोजन से जुड़ी आगामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। टेंडर लेने वाली कंपनी को महोत्सव के दौरान बाजार के लिए स्टॉल तैयार करने के साथ स्टार नाइट के लिए स्टेज और पंडाल का निर्माण भी करना होगा। यानी महोत्सव के आयोजन से जुड़ी इन व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी संबंधित कंपनी की रहेगी।
चिंतपूर्णी महोत्सव की तारीख बदल दी गई है। टेंडर में एक ही कंपनी ने भाग लिया था, अब टेंडर दोबारा किया गया है जो 17 नवंबर को खोला जाएगा। अब चार दिसंबर से छह दिसंबर तक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
– पारस अग्रवाल, एसडीएम अंब
