शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सांदीपनि विद्यालय के निर्माण में लापरवाही:तय मानकों पर खरे नहीं उतरे शौचालय, तोड़कर दोबारा बनाने के निर्देश – Toilets Failed To Meet The Prescribed Standards; Collector Orders Them To Be Demolished And Rebuilt
शहडोल

सांदीपनि विद्यालय के निर्माण में लापरवाही:तय मानकों पर खरे नहीं उतरे शौचालय, तोड़कर दोबारा बनाने के निर्देश – Toilets Failed To Meet The Prescribed Standards; Collector Orders Them To Be Demolished And Rebuilt

November 13, 2026


शहडोल जिले के बुढ़ार-कटकोना स्थित सांदीपनि विद्यालय के निर्माणाधीन भवन में निर्माण की धीमी गति और गुणवत्ता को लेकर लापरवाही सामने आई है। निरीक्षण के दौरान शौचालयों का निर्माण भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिला। इस पर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने नाराजगी जताते हुए अमानक निर्माण को तोड़कर दोबारा निर्धारित मानकों के अनुसार कराने के निर्देश दिए। वहीं, निर्माण कार्य में देरी पर संबंधित एजेंसी को पेनाल्टी लगाने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा है।

शुक्रवार को कलेक्टर पार्थ जायसवाल और जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति ने सांदीपनि विद्यालय के निर्माणाधीन भवन के साथ बालक एवं बालिका छात्रावास के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने अलग-अलग निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।

ये भी पढ़ें- खातेगांव टीआई हत्याकांड: देवास कोर्ट परिसर से फरार लाइसेंसी पाटेंद्र जायसवाल हिरासत में, सरेंडर करने पहुंचा था

शौचालयों का खुद कराया माप

– निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शौचालयों का माप स्वयं करवाकर उनके आकार और निर्माण की गुणवत्ता जांची।

– शौचालयों का आकार निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिला। फ्लश की साइज भी तय मानकों के अनुसार नहीं पाई गई।

– इस पर संबंधित अधिकारियों को अमानक निर्माण तोड़कर निर्धारित मापदंडों के अनुसार दोबारा कराने के निर्देश दिए।

– निर्माण कार्य में धीमी प्रगति पर निर्माण एजेंसी को पेनाल्टी संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।

परिसर में सड़क और पौधरोपण के निर्देश

कलेक्टर ने विद्यालय भवन के साथ दोनों छात्रावासों का निर्माण भी तय समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में आवश्यक सड़क निर्माण, वृक्षारोपण और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित कर पूरे परिसर को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था मिलनी चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सोहागपुर अमृता गर्ग, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, बीईओ चंदेल, तहसीलदार बुढ़ार मनोज सिंह सहित भवन निर्माण मंडल के अधिकारी मौजूद रहे। 

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X