शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Pilibhit News:संदिग्ध परिस्थितियों में साइकिल सवार चूरा विक्रेता की मौत – Death Of A Cyclist Selling ‘chura’ (flattened Rice) Under Suspicious Circumstances
पीलीभीत

Pilibhit News:संदिग्ध परिस्थितियों में साइकिल सवार चूरा विक्रेता की मौत – Death Of A Cyclist Selling ‘chura’ (flattened Rice) Under Suspicious Circumstances

November 13, 2026


Death of a cyclist selling 'chura' (flattened rice) under suspicious circumstances

सुखलाल का फाइल फोटो

बीसलपुर। बीसलपुर कस्बे में स्टेशन मार्ग स्थित कृषि उप संभाग कार्यालय के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक साइकिल सवार चूरा विक्रेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सड़क पर साइकिल समेत गिरकर बेहोशी की हालत में मिले थे। उनके शरीर पर चोटों के निशान भी थे। परिजनों ने किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका जताई है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की है।

बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी दीनदयाल भोजवाल ने बताया कि उनके 45 वर्षीय भाई सुखलाल भोजवाल रोजाना साइकिल से बीसलपुर में धान का चूरा बेचने जाते थे। बृहस्पतिवार सुबह खाना खाने के बाद वह साइकिल लेकर नगर में फेरी लगाने निकले थे। दोपहर को स्टेशन मार्ग पर कृषि उप संभाग कार्यालय के पास से गुजरते समय वह साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। उनके शरीर पर चोटें भी आई थीं।

दीनदयाल ने आशंका जताई कि उनके भाई को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारी होगी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। वाहन किस दिशा से आया और किस ओर गया, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। वाहन का प्रकार और रंग भी पता नहीं चल पाया है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल सुखलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अमित कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद कोतवाल संजीव शुक्ला पुलिसकर्मियों के साथ सीएचसी पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। इस संबंध में सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि कोतवाली पुलिस को अग्रिम कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X