दीपावली के बाद घर में बच गई है खील, तो आलू और प्याज मिलाकर मिनटों में तैयार करें यह स्वादिष्ट और कुरकुरा नाश्ता, जानें बनाने की आसान विधि
Last Updated:
Leftover Kheel Pakora Recipe: दीपावली की पूजा के बाद अक्सर घरों में काफी सारी खील बच जाती है, जिसे लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन अब इस बची हुई खील से आप घर पर ही बेहद स्वादिष्ट, चटपटा और कुरकुरा नाश्ता तैयार कर सकते हैं. दादी चंद्रवती की इस आसान रेसिपी में खील, आलू, प्याज और रोजमर्रा के मसालों की मदद से मिनटों में शानदार पकौड़े बनाए जा सकते हैं. शाम की चाय के साथ परोसने के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है. जानें इसे बनाने का पूरा तरीका.
Leftover Kheel Pakora Recipe: दीपावली के त्योहार पर घरों में पूजा के लिए खील और बताशे खरीदे जाते हैं. त्योहार खत्म होने के बाद अक्सर काफी सारी खील घर में बच जाती है. कई दिनों तक रखे रहने के कारण लोग इसे खाना पसंद नहीं करते और फेंक देते हैं. लेकिन अब बची हुई खील को फेंकने की जरूरत नहीं है. इससे आप घर पर ही एक स्वादिष्ट, चटपटा और कुरकुरा नाश्ता तैयार कर सकते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद आलू, प्याज, हरी मिर्च और कुछ मसालों की मदद से आसानी से खील के पकौड़े बनाए जा सकते हैं. यह नाश्ता बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
खील और आलू का मिश्रण तैयार करने की विधि
दादी चंद्रवती बताती हैं कि इस नाश्ते को बनाने के लिए सबसे पहले दो कप खील ले लें. अब इसे एक बर्तन में डालकर साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. खील धोने के बाद इसे करीब पांच मिनट तक पानी में फूलने के लिए छोड़ दें. ऐसा करने से खील नरम हो जाएगी और इसे पीसना आसान रहेगा. जब तक खील पानी में फूल रही है, तब तक दूसरी तैयारी कर सकते हैं. अब एक बड़ा आलू लें और उसका छिलका उतारकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इन टुकड़ों को मिक्सी के जार में डाल दें. जब खील अच्छी तरह फूल जाए तो उसे पानी से निकाल लें और हाथों से अच्छी तरह निचोड़ दें ताकि उसमें ज्यादा पानी न रहे. इसके बाद खील को भी आलू के साथ मिक्सी में डाल दें. अब इसमें दो हरी मिर्च डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह पीस लें. ध्यान रखें कि मिश्रण न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत मोटा रहे.
मसाले और बेसन मिलाकर बैटर करें तैयार
मिक्सी में पीसे हुए खील और आलू के मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. अब इसमें स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च, थोड़ा सा कद्दूकस किया हुआ अदरक, हल्की सी हींग और बारीक कटा हुआ हरा धनिया डाल दें. इसके बाद इसमें बारीक कटी हुई प्याज और दो चम्मच बेसन मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. बेसन डालने से मिश्रण को बांधने में मदद मिलती है और पकौड़ों का आकार बनाने में आसानी होती है. अगर मिश्रण थोड़ा गीला लगे तो उसे अच्छी तरह मिलाकर कुछ देर रख सकते हैं.
मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें पकौड़े
अब गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें पकौड़े तलने के लिए तेल गर्म कर लें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो हाथों की उंगलियों पर थोड़ा सा तेल लगा लें. इससे मिश्रण हाथों में चिपकेगा नहीं. अब तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे गोल पकौड़े बनाकर गर्म तेल में डालें. इन्हें मध्यम आंच पर पलट-पलटकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. जब पकौड़े अच्छी तरह सिक जाएं तो इन्हें कढ़ाई से निकालकर प्लेट में रख लें.
चटनी या चाय के साथ गर्मागर्म परोसें
इस तरह दीपावली पर बची हुई खील से आपका चटपटा और कुरकुरा नाश्ता तैयार हो जाएगा. इसे हरी चटनी, टमाटर सॉस या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोस सकते हैं. शाम की चाय के साथ यह एक अच्छा विकल्प बन सकता है. खास बात यह है कि इस रेसिपी में घर की बची हुई खील का इस्तेमाल हो जाता है और कम सामान में कुछ नया खाने को भी मिल जाता है. अगली बार त्योहार के बाद घर में खील बच जाए तो उसे फेंकने के बजाय इस आसान तरीके से पकौड़े बनाकर जरूर देखें.

Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…
और पढ़ें
