Kathua News:सरकारी स्कूलों में 27 लाख से होंगे विकास कार्य – Jammu And Kashmir News
मंगलूर हायर सेकेंडरी स्कूल में बनेगा बायोलॉजी कक्ष सहित तीन अन्य स्कूल में होंगे मरम्मत कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसके तहत स्कूलों में नए कमरों के निर्माण से लेकर मरम्मत और चारदीवारी बनाने तक के कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन कार्यों पर 27 लाख की राशि खर्च की होगी।
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, समग्र शिक्षा योजना 2026-27 के तहत जोन सल्लन के हायर सेकेंडरी स्कूल मंगलूर में 18 लाख की लागत से बायोलॉजी कक्ष का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा हायर सेकेंडरी स्कूल बॉयज कठुआ में चार लाख की लागत से मरम्मत कार्य करवाया जाएगा। इन दोनों कार्यों की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। विभाग को तीन महीने के भीतर कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सरकारी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बसोहली में तीन लाख की लागत से चारदीवारी का निर्माण करवाया जाएगा। इससे स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त पीएम श्री योजना के तहत मिडिल स्कूल मंगलूर और हाई स्कूल डिंगा अंब में एक-एक लाख की लागत से मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे। इन कार्यों को एक महीने के भीतर पूरा किया जाएगा है। इन विकास कार्यों से सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।
मंगलूर हायर सेकेंडरी स्कूल बायोलॉजी कक्ष और मिडिल स्कूल मंगलूर की मरम्मत कार्य को मंजूरी मिल चुकी है। यह निर्माण कार्य लोग निर्माण विभाग के हीरानगर डिविजन को सौंपा गया है। इससे दोनों स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए सुविधा बढ़ेगी।
-त्रिशला देवी, जोलन शिक्षा अधिकारी, सल्लन
