Bageshwar News:बीएड की 50 सीटों के सापेक्ष 41 अभ्यर्थियों ने लिया प्रवेश, नौ सीटें खाली – Against 50 B.ed. Seats, 41 Candidates Have Taken Admission; Nine Seats Remain Vacant
बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय कैंपस में बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए इस बार अभ्यर्थियों की संख्या निर्धारित सीटों से कम रही। कुल 50 सीटों में से 41 सीटों पर ही अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया है। विशेष श्रेणियों के लिए निर्धारित सीटों पर अभ्यर्थियों की उपलब्धता नहीं होने से प्रवेश का आंकड़ा 50 तक नहीं पहुंच सका।
शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बीएड महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम माना जाता है। इसके बाद भी निर्धारित सीटों पर प्रवेश नहीं हो पाए। बीएड में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों ने आवेदन के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दाखिला लिया। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सामान्य सीटों पर अभ्यर्थियों ने रुचि दिखाई, जबकि विशेष श्रेणियों के लिए आरक्षित सीटों पर अभ्यर्थी नहीं पहुंचे। इसके चलते नौ सीटें रिक्त रह गईं। महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले 41 अभ्यर्थी ही अब बीएड पाठ्यक्रम का अध्ययन कर रहे हैं।
प्रवेश समिति के संयोजक अखिलेश चौहान का कहना है कि महाविद्यालय में कुल 50 सीटों के सापेक्ष 41 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया है। विशेष श्रेणियों में अभ्यर्थियों ने रूचि नहीं दिखाई जिससे नौ सीटें रिक्त रह गई हैं। प्रवेश प्रक्रिया नियमों के तहत पूरी की गई है।
