Budaun News:तीन बीडीओ का अन्य जिलों में तबादला, चार नए आए – Three Bdos Transferred To Other Districts; Four New Ones Have Arrived
बदायूं। विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शासन ने एक ही जिले में तीन साल से टिके खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) का फेरबदल किया हैै। जिले में तैनात तीन बीडीओ का तबादला अन्य जिलों में कर दिया गया है, जबकि चार नए जिले में भेजे गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार, बदायूं में तैनात सर्वज्ञ अग्रवाल को पीलीभीत, मनीष सिंह वर्मा को आगरा और शैली गाविल को मुजफ्फरनगर भेजा गया है। ये तीनों अधिकारी लंबे समय से बदायूं में तैनात थे। वहीं हाथरस से सुरेंद्र सिंह, अलीगढ़ से वेद प्रकाश, हरदोई से पवन कुमार और शाहजहांपुर से मनीष दत्त को बदायूं भेजा गया है। इन अधिकारियों को कौन सा ब्लॉक मिलेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
डीडीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह फेरबदल चुनाव आयोग के निर्देश पर किया गया है। एक ही जिले में तीन साल से अधिक समय से जमे अधिकारियों को हटाया जा रहा है। नए बीडीओ के आने से विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। जल्द ही सभी अधिकारी अपने-अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।
सात बीईओ के भी हुए तबादले
बदायूं। शासन ने सात खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) के तबादले भी किए हैं। जनपद से लक्ष्मी नारायण को शाहजहांपुर, दिलीप कुमार को अलीगढ़, राजेंद्र प्रसाद को बरेली, प्रशांत सिंह राठौर को लखीमपुर खीरी, मनोज राम को शाहजहांपुर, भूपेंद्र सिंह को बरेली और ज्योति प्रकाश सिंह को बरेली भेजा गया है।
जिले में अलीगढ़ से विद्यानंदन देपुरिया, बरेली से विवेक शर्मा, बरेली से राजेश कुमार, बरेली से पूरन सिंह, पीलीभीत से सुनील कुमार सिंह, फर्रुखाबाद से वीरेंद्र सिंह पटेल और फर्रुखाबाद से आरती शाक्य को तैनाती दी गई है। तबादलों के बाद नए अधिकारियों के जल्द कार्यभार ग्रहण करने की उम्मीद है। इधर तहसीलदार सुरेंद्र कुमार का रायबरेली तबादला किया गया है। संवाद
