शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
इतिहास में सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन के जिम्मेदार कौनसे देश? जो पढ़ा रहे प्रदूषण का पाठ, वहीं सबसे बड़ी पापी
नॉलेज

इतिहास में सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन के जिम्मेदार कौनसे देश? जो पढ़ा रहे प्रदूषण का पाठ, वहीं सबसे बड़ी पापी

November 19, 2026


Last Updated:

दुनिया को जलवायु परिवर्तन के खतरे से बचाने के लिए हर साल बड़े-बड़े सम्मेलन होते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इतिहास में जीवाश्म ईंधन के निर्यात से सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन के लिए रूस, सऊदी अरब और ऑस्ट्रेलिया जिम्मेदार रहे हैं? हैरानी की बात यह है कि तीसरे नंबर पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया ही इस साल COP31 जलवायु सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है.

इतिहास में सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन के जिम्मेदार कौनसे देश?Zoom

दुनिया को प्रदूषण का पाठ पढ़ा रहे 3 देश खुद फैला रहे सबसे ज्यादा कार्बन! (Image- AP)

रूस, सऊदी अरब और ऑस्ट्रेलिया दुनिया के इतिहास में कार्बन डाइऑक्साइड के सबसे बड़े निर्यातक रहे हैं. 1850 से अब तक जीवाश्म ईंधन के निर्यात से पैदा हुए कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) के उत्‍सर्जन के आंकड़ों की जांच में ये बात सामने आई है. दुनिया में जीवाश्म ईंधन का सबसे बड़ा निर्यातक रूस है. यहां कोयले, तेल और नेचुरल गैस के विशाल भंडार हैं. इन ईंधनों के निर्यात और बाद में उन्हें जलाने से पैदा हुए CO2 उत्सर्जन को जोड़ें, तो 2025 के आखिर तक रूस करीब 70 गीगाटन कार्बन डाइऑक्साइड के लिए जिम्मेदार रहा है. रूस के बाद इस ल‍िस्‍ट में सऊदी अरब का नाम आता है. यह दुनिया के सबसे बड़े तेल और गैस उत्पादक देशों में शामिल है. इससे करीब 60 गीगाटन CO2 उत्सर्जन हुआ है.

तीसरे नंबर पर ऑस्‍ट्रेल‍िया ही कर रहा है जलवायु सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता
लिस्‍ट में तीसरा नाम ऑस्ट्रेलिया का है और हैरानी की बात ये है कि ऑस्‍ट्रेल‍िया के तुर्किये शहर में ही संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP31 चल रहा है. इस बार ऑस्‍ट्रेल‍िया इसका अध्‍यक्ष है. पर रूस और सऊदी अरब के मुकाबले ऑस्‍ट्रेल‍िया का योगदान कार्बन उत्‍सर्जन में काफी कम है. जीवाश्म ईंधन के निर्यात से जुड़े 25 गीगाटन से ज्यादा CO2 उत्सर्जन के लिए ऑस्ट्रेलिया जिम्मेदार रहा है. इस मामले में वह वेनेजुएला से थोड़ा ही आगे है. ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल या उसके निर्यात को पूरी तरह बंद करने की कोई समयसीमा तय नहीं की है. उसके कुल निर्यात कारोबार में जीवाश्म ईंधन की हिस्सेदारी करीब 40% है.

‘द गार्ज‍ियन’ की रिपोर्ट में ‘मेक पॉल्यूटर्स पे इंटरनेशनल कोलिशन’ की संयोजक लुईस हचिन्स ने कहा कि यह विश्लेषण बताता है कि जलवायु परिवर्तन पर होने वाली बातचीत में आखिर गड़बड़ी कहां है. उन्होंने कहा, ‘COP31 में सरकारें कह रही हैं कि जलवायु संकट से निपटने के लिए पर्याप्त पैसा नहीं है. वहीं दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया, रूस और सऊदी अरब जैसे देश जीवाश्म ईंधन से भारी कमाई कर चुके हैं और इसके बावजूद जलवायु सम्मेलन में फैसले लेने की प्रक्रिया पर उनका काफी प्रभाव है.’

अमीर देश कर रहे हैं फैसलों को प्रभावित
दरअसल ये सब इसल‍िए काफी चिंताजनक है, क्‍योंकि जो देश इतनी ज्‍यादा मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ रहे हैं, वहीं जलवायु सम्‍मेलन की अध्‍यक्ष्ता कर रहे हैं या उसमें अहम रोल निभा र हे हैं. ऐसे में इनसे सही भागीदारी की उम्‍मीद कैसे की जा सकती है. लुईस हचिन्स कहती हैं, ‘ऑस्ट्रेलिया को ही देख लीजिए. जीवाश्म ईंधन के निर्यात से होने वाले उत्सर्जन को जोड़ने पर ग्लोबल वार्मिंग में उसका योगदान दोगुने से भी ज्यादा हो जाता है. इसके बावजूद वही देश जलवायु सम्मेलन की बातचीत की सह-अध्यक्षता कर रहा है, जहां जलवायु वित्त पर चर्चा एक बार फिर अटकी हुई है.’ जलवायु संकट की जिम्मेदारी उन अमीर और ताकतवर देशों की भी है, जिन्होंने जीवाश्म ईंधन से भारी मुनाफा कमाया है. इन देशों को जलवायु परिवर्तन से हुए नुकसान की भरपाई के लिए भी योगदान देना चाहिए.

जीवाश्म ईंधन का बेचने वाले देश भी उत्सर्जन के जिम्मेदार
‘कार्बन ब्रीफ’ के इस एनालेसिस में पहले के मुकाबले अलग तरीका अपनाया गया है. इस विश्‍लेषण में CO2 उत्सर्जन की जिम्मेदारी उस देश के खाते में डाली जाती रही है, जहां से कोयला, तेल और गैस निकाली गई थी. जबकि अभी तक जो ज्यादातर विश्लेषण होते थे, उसमें उस देश को जिम्मेदार माना जाता है, जहां जीवाश्म ईंधन जलाने से CO2 पैदा होती है. यानी इस अध्ययन में यह देखा गया है कि जीवाश्म ईंधन किस देश से निकाला गया और फिर उसे जलाने से कितना कार्बन उत्सर्जन हुआ. ये ग्‍लोबल इकोनॉमी में CO2 के उत्‍सर्जन की जिम्मेदारी को देखने का एक अलग नजरिया सामने आता है. क्‍योंकि अक्‍सर जो देश बड़ी मात्रा में कोयला, तेल और गैस का निर्यात करते हैं, वे सामान्य उत्सर्जन की ल‍िस्ट में कई बार नीचे नजर आते हैं.

हालांकि, इस विश्लेषण में यह भी सामने आया है कि दुनिया के दो सबसे बड़े मौजूदा ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जक देश अमेरिका और चीन ऐतिहासिक उत्सर्जन के मामले में रूस, सऊदी अरब और ऑस्ट्रेलिया से अब भी ज्यादा जिम्मेदार हैं. इसकी वजह यह है कि अमेरिका और चीन ने बड़ी मात्रा में जीवाश्म ईंधन का आयात करने के साथ-साथ अपने यहां मौजूद ईंधन का भी इस्तेमाल किया है.

img

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X