शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
लखनऊ:जेल में फंदे से लटका मिला प्रेमिका के हत्यारोपी का शव, बैरक प्रभारी निलंबित; विभागीय कार्रवाई के आदेश – Body Of Accused Of Killing His Girlfriend Was Found Hanging In Lucknow Jail Barrack In-charge Was Suspended
लखनऊ

लखनऊ:जेल में फंदे से लटका मिला प्रेमिका के हत्यारोपी का शव, बैरक प्रभारी निलंबित; विभागीय कार्रवाई के आदेश – Body Of Accused Of Killing His Girlfriend Was Found Hanging In Lucknow Jail Barrack In-charge Was Suspended

November 20, 2026


राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज जिला जेल में बुधवार देर रात सुल्तानपुर निवासी विचाराधीन बंदी अवनीश जायसवाल (30) का शव बैरक के शौचालय में तौलिये के सहारे फंदे से लटका मिला। उस पर प्रेमिका की हत्या का आरोप था। अवनीश ने कोर्ट में सरेंडर किया था। 

घटना के बाद जेल प्रशासन ने बैरक प्रभारी को निलंबित कर दिया है। तीन हेड वार्डर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है। परिजनों की तहरीर पर गोसाईंगंज पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।

फोरेंसिक टीम ने नमूने लेकर जांच को भेजे हैं

अवनीश सर्किल नंबर तीन के हाता संख्या 13 स्थित बैरक नंबर 83 में बंद था। घटना की जानकारी पर डीआईजी जेल डॉ. रामधनी, एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव, नायब तहसीलदार अभिषेक पांडेय और कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र कुमार जेल पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

अवनीश की मौत की खबर पाकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। प्रभारी वरिष्ठ जेल अधीक्षक ऋत्विक प्रियदर्शी ने हत्या के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि बंदी ने आत्महत्या की है। डीआईजी ने बताया कि बंदी की मौत की न्यायिक, मजिस्ट्रेट और विभागीय जांच कराई जाएगी।

एक दिन पहले ही मिला था परिवार

भाई आशीष का कहना है कि अवनीश की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले ही परिवार के लोग अवनीश से मिलने जेल आए थे। उस वक्त तक सब ठीक था। अचानक ऐसा क्या हो गया कि उसने आत्महत्या कर ली? डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक ने बताया कि आशीष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

लखनऊ परिक्षेत्र के जेल डीआईजी डॉ. रामधनी के मुताबिक प्राथमिक जांच के दौरान ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर बैरक प्रभारी हरिओम को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। हेड जेल वार्डर देव प्रकाश सिंह, उदय नारायण और दीपेंद्र सिंह के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

डीआईजी ने बंदियों से की पूछताछ

बैरक में अवनीश समेत 44 बंदी थे। जिला जेल पहुंचे डीआईजी डॉ. रामधनी ने अवनीश के साथ बैरक में रह रहे करीब एक दर्जन बंदियों से पूछताछ की। उन्होंने अवनीश के व्यवहार की भी जानकारी ली। जेल प्रशासन के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में अवनीश कंधे पर तौलिया रखकर शौचालय जाता दिखाई दिया। इसके बाद वह लौटा नहीं।

इस मामले में जेल में था अवनीश

12 अक्तूबर को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल सेल्स्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से गिरकर चौक निवासी समरीन की मौत हो गई थी। घटना के समय उसका प्रेमी अवनीश जायसवाल कमरे में था। हालांकि, हादसे के बाद वह भाग गया। 13 अक्तूबर को समरीन की बहन शीबा ने अवनीश पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। 15 अक्तूबर को कोर्ट में सरेंडर करने के बाद अवनीश को जेल भेज दिया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X