शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:अब गेंधारिया पट्टी में मिले बाघिन के पगचिह्न – Tigress Pugmarks Now Found In Gendhariya Patti

November 20, 2026


संदना। इलाके में बाघिन की तलाश में जुटे वन विभाग को 127 दिन बाद भी सफलता नहीं मिल सकी है। बृहस्पतिवार को गेंधारिया पट्टी की ओर बाघिन के ताजा पगचिह्न मिले हैं। लगातार पांचवें दिन अलग-अलग जगहों पर पगचिह्न मिलने से कई गांवों में बाघिन कर डर बना हुआ है।

मिश्रिख रेंज में घूम रही बाघिन लगातार वन विभाग की टीम को चकमा दे रही है। पिछले पांच दिनों से लगातार अलग-अलग स्थानों पर बाघिन के पगचिह्न मिल रहे हैं। इसके बाद भी वन विभाग की टीम बाघिन का सुराग नहीं लगा पा रही है। बृहस्पतिवार को जिस जगह बाघिन के ताजा पगचिह्न पाए गए हैं, यह वही स्थान है जहां पहले बाघिन वन विभाग की ओर से बांधे गए पड़वा का शिकार कर चुकी है।

इसके बाद वन विभाग की टीम ने इस जगह मचान बनाकर कई दिनों तक निगरानी की थी। टीम ने बाघिन को ट्रैंकुलाइज करने के लिए कई दिनों तक उसका इंतजार किया, लेकिन उसने अपनी लोकेशन बदल ली थी। अब फिर यहां पगचिह्न मिलने से स्पष्ट हो रहा है कि बाघिन लगातार करीब 10 किमी के दायरे में घूम रही है।

इससे पहले धवरपारा और कोड़री के पास बाघिन के पगचिह्न मिले थे। ग्रामीणों के मुताबिक करीब 30 गांवों की लगभग 25 हजार आबादी में बाघिन का डर बना हुआ है। गत 15 जुलाई को इलाके में आमद दर्ज कराने वाली बाघिन को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में कांबिंग कर रही हैं। लेकिन कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आ सका है।

रेंजर मिश्रिख सिकंदर सिंह ने बताया कि बाघिन के बृहस्पतिवार को पट्टी गेंधारिया की तरफ ताजा पगचिह्न मिले हैं। वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में कांबिंग और निगरानी कर रही हैं। ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X