शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ballia News:अधूरे प्रोजेक्ट पर प्रभारी मंत्री सख्त, फरवरी 2027 तक पूरा करने का दिया अल्टीमेटम – Minister In-charge Takes A Strict Stance On Incomplete Projects; Issues Ultimatum For Completion By February 2027
बलिया

Ballia News:अधूरे प्रोजेक्ट पर प्रभारी मंत्री सख्त, फरवरी 2027 तक पूरा करने का दिया अल्टीमेटम – Minister In-charge Takes A Strict Stance On Incomplete Projects; Issues Ultimatum For Completion By February 2027

November 20, 2026


बलिया। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा फरवरी 2027 तक गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में 14.05 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज निर्माण की समीक्षा की गई, जिसकी कुल लागत 487 करोड़ रुपये स्वीकृत है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं की तत्काल जानकारी दी जाए, ताकि समय रहते उनका समाधान हो सके।

वहीं, 38 करोड़ रुपये की कुल लागत और 24.11 करोड़ रुपये की स्वीकृत धनराशि वाली जिला कारागार निर्माण परियोजना पर भी चर्चा हुई तथा कार्यदायी संस्था को शासन स्तर पर वार्ता कर काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

भृगु कॉरिडोर निर्माण की धीमी प्रगति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को तत्काल काम शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही डीएम को प्रतिदिन कार्य की प्रगति रिपोर्ट लेने को कहा। बताया गया कि जिले के 10 प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे और एलईडी स्क्रीन लगाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि चांदपुर में आईएसबीटी की चारदीवारी का निर्माण भी पूरा कराने को कहा गया।

मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बलिया में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई, वहीं आधुनिक बस स्टैंड निर्माण में लापरवाही मिलने पर कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अल्पसंख्यक मंत्री दानिश आजाद अंसारी, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक ईराज राजा, सीडीओ आलोक कुमार, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा और सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X