शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सुल्तानपुर

Sultanpur News:डीएलएड प्रशिक्षु परखेंगे बच्चों की पढ़ाई का स्तर – D.el.ed. Trainees Will Assess The Learning Level Of Children

November 20, 2026


सुल्तानपुर। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई का स्तर जांचने के लिए निपुण आकलन कराया जाएगा। यह आकलन डीएलएड प्रशिक्षु करेंगे। इसमें कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों की भाषा और गणित विषयों में दक्षता परखी जाएगी।

जिले के 2064 परिषदीय विद्यालयों में करीब तीन लाख बच्चे अध्ययनरत हैं। इनमें कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों का निपुण प्लस एप के माध्यम से आकलन होगा। दो डीएलएड प्रशिक्षुओं की संयुक्त टीम प्रतिदिन दो विद्यालयों का भ्रमण करेगी। प्रत्येक विद्यालय में कक्षा एक और दो के 12-12 विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। इस तरह एक विद्यालय में कुल 24 बच्चों की शैक्षिक दक्षता परखी जाएगी।

विद्यार्थियों का चयन एप के माध्यम से यादृच्छिक रूप से किया जाएगा। प्रशिक्षु परिचय पत्र के साथ आवंटित विद्यालय पहुंचेंगे और विद्यालय समय में ही पूरी प्रक्रिया संपन्न करेंगे। डायट की ओर से विद्यालयों का रोस्टर तैयार किया जा रहा है।

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी प्रधानाचार्य उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि निपुण आकलन दो चरणों में कराया जाएगा। पहला चरण 21 से 30 दिसंबर और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी 2027 तक चलेगा। विद्यालयों का रोस्टर तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है।

निपुण घोषित होने के मानक

आकलन के आधार पर विद्यालयों और विकासखंडों को निपुण घोषित किया जाएगा। किसी विद्यालय में कक्षा एक और कक्षा दो के अलग-अलग कम से कम 80 फीसदी विद्यार्थी निपुण मिलने चाहिए। यह मानक पूरा करने पर संबंधित विद्यालय निपुण घोषित होगा। किसी विकासखंड के 80 फीसदी विद्यालयों के निपुण लक्ष्य हासिल करने पर पूरा विकासखंड निपुण घोषित होगा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी प्रधानाचार्य ने यह जानकारी दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X