Panipat News:संकट टालने का झांसा देकर साधु वेशधारी ठगों ने महिला की सोने की चेन उड़ाई – Fraudsters Posing As Ascetics Stole A Woman’s Gold Chain By Promising To Avert A Crisis
भिक्षा मांगने के बहाने घर पहुंचे थे दो आरोपी, पानी लेने गई महिला को चकमा देकर भाग निकले
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। पूठर गांव में भिक्षा मांगने के बहाने घर पहुंचे दो साधु वेशधारी ठगों ने संकट दूर करने का झांसा देकर एक महिला से करीब 1.6 तोले की सोने की चेन ठग ली। दोनों आरोपियों ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर चेन उतरवा ली और मौका पाकर भाग निकले।
पूठर गांव निवासी ममता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो नवंबर को वह घर पर अकेली थीं। इसी दौरान साधु वेशभूषा में दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे और भिक्षा मांगने लगे। दोनों बार-बार भिक्षा देने की प्रार्थना करने लगे।
उनकी बातों में आकर वह घर की दहलीज पर उनके पास पहुंच गई। बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने उसे बताया कि उस पर कोई संकट मंडरा रहा है और वह उसका समाधान कर सकता है। दोनों ने उसे अपनी बातों में उलझाकर गले में पहनी करीब 1.6 तोले की सोने की चेन उतरवाकर रखवा ली।
इसी दौरान दूसरे व्यक्ति ने पीने के लिए पानी मांगा। वह पानी लेने घर के अंदर गई और वापस लौटी तो दोनों वहां से गायब थे। कुछ देर बाद उसे चेन का ध्यान आया तो वह भी नहीं मिली। महिला और उसके परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा।
थाना इसराना प्रभारी हरिराम ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
