Hamirpur News:पखवाड़ा बीता, टेल तक सूखी हैं नहरें – A Fortnight Has Passed; The Canals Are Dry All The Way To The Tail End
– 23 नवंबर तक संचालित करने की डेडलाइन, 354 किमी में फैली नहरें
– मौदहा बांध की 101 नहरों की अभी तक नहीं हुई सिल्ट सफाई, किसानों की मुरझा रहीं उम्मीदें
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जनपद के मौदहा बांध से कुल के 101 नहरें संचालित हैं। ये करीब 354 किमी के दायरे में फैली हुई हैं। इनसे लगभग 28 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में सिंचाई होती है। हर साल 15 नवंबर तक इनकी साफ-सफाई कराकर इनका संचालन शुरू करा दिया जाता था, लेकिन इस बार 23 नवंबर से इनका संचालन कराए जाने की बात कही जा रही है। ऐसे में बिना पलेवा किए किसान गेहूं की फसलों की बोआई नहीं कर पा रहे हैं। नहरें न चलने से किसानों की उम्मीदें मुरझा रही हैं।
प्रति किमी 25 हजार रुपये खर्च-
इन नहरों की सिल्ट सफाई सहित मरम्मत आदि कार्य के लिए शासन स्तर से प्रति किमी 25 हजार रुपये सिंचाई विभाग को मिलते हैं। कुल 354 किमी नहरों की साफ-सफाई के लिए शासन से 88.50 लाख रुपये का बजट भी विभाग को जारी कर दिया गया है, लेकिन विभाग अभी तक करीब 200 किमी नहरों की सफाई होने का दावा कर रहा है। ऐसे में अभी भी करीब 154 किमी नहरों की सफाई होना बाकी है।
नहरें पड़ी सूखी, माइनरों की चल रही सफाई
बिवांर। मौदहा बांध की नहरों की सफाई की समय सीमा समाप्त होने को तीन दिन शेष हैं, लेकिन अभी सभी माइनरों की सफाई नहीं हो सकी है। अवर अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि छानी ब्रांच की कुल लंबाई 32.600 किमी है। इसकी लगभग 95 फीसदी सफाई हो चुकी है। अभी तीन से चार माइनरों की सफाई होनी शेष है। कुछ ठेकेदारों को काम की शिथिलता के चलते नोटिस भी जारी की गई है। समय से काम पूरा न कर पाने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। वहीं सहायक अभियंता विनय कुमार ने बताया कि छानी ब्रांच से कुल 47 माइनरें निकली हैं। इनमें से भरखरी माइनर, भरखरी माइनर द्वितीय और जल्ला माइनर में काम शेष है। निर्धारित समय के अंदर काम पूरा होने की उम्मीद है। वहीं मुस्करा में किसान नहरों में पानी आने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं मौदहा बांध के अधिकारियों ने 23 नवंबर को रोस्टिंग शुरू करने की बात कही है। ऐसे में समय से गेहूं की बोआई न हो पाने के कारण किसानों की उम्मीदें मुरझा रही हैं। (संवाद)
रोड किनारे की गई सिल्ट सफाई
प्रेमनारायन द्विवेदी ने बताया कि ज्यादातर माइनरों की सफाई अच्छी तरह नहीं की गई है। जहां भी नहरें रोड़ क्रॉस करती हैं, उन्हीं के पास कुछ दूर तक ठीक से सफाई की गई है। आगे जाने पर सिल्ट सफाई की हकीकत सामने आती है।
माइनरों की सफाई में हो रही खानापूर्ति
राजेश पाठक ने बताया कि बिवांर माइनर एक में सफाई के नाम पर खानापूरी की गई है। इस माइनर में लगभग 100 मीटर सफाई ही नहीं हुई है। जहां सफाई की गई है, वहां नहर की सारी मिट्टी सेक्टर रोड़ पर डाल दी है। इससे न तो ट्रैक्टर निकल सकते हैं और न ही कोई पैदल निकल सकता है।
वर्जन:
मुख्य नहर में सिल्ट सफाई कार्य लगभग पूरा हो चुका है। बांध से लेकर मसगांव टेल तक लगभग 30 किमी की सिल्ट सफाई दिखाई भी दे रही है, जो कुछ कार्य शेष बचा है वह 23 नवंबर तक हर हाल में पूरा हो जाएगा। इसके बाद पलेवा के लिए नहरों में पानी छोड़ दिया जाएगा। – दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता मौदहा बांध।

फोटो 20 एचएएमपी40- मुस्करा माइनर में जमा सिल्ट व बारिश का पानी। संवाद

फोटो 20 एचएएमपी40- मुस्करा माइनर में जमा सिल्ट व बारिश का पानी। संवाद

फोटो 20 एचएएमपी40- मुस्करा माइनर में जमा सिल्ट व बारिश का पानी। संवाद
