BMW R 12 G/S भारत में लॉन्च, कीमत ₹25.40 लाख; 1980 वाली आइकॉनिक बाइक का नया अवतार!
BMW Motorrad ने इंडियन मार्केट में अपनी नई क्लासिक एंड्यूरो एडवेंचर मोटरसाइकिल BMW R 12 G/S को लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसकी इंट्रोडक्टरी एक्स-शोरूम कीमत 25.40 लाख रुपये तय की है और देशभर के ऑथोराइज्ड डीलरशिप्स पर इसकी डिलीवरी भी शुरू हो चुकी है. इसे भारत में पूरी तरह निर्मित यूनिट (CBU) के रूप में केवल Pro वेरिएंट में लाया गया है. खास बात ये है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विकल्प के तौर पर मिलने वाले Enduro और Comfort पैकेज इंडियन मॉडल में स्टैंडर्ड रूप से दिए गए हैं.
1980 की आइकॉनिक BMW R 80 G/S से इंस्पायर्ड ये बाइक रेट्रो स्टाइलिंग के साथ मॉडर्न ऑफ-रोडिंग तकनीक और दमदार 1,170cc बॉक्सर इंजन का बेहतरीन मेल पेश करती है. इसके साथ तीन साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी और 24×7 रोडसाइड असिस्टेंस भी मिल रही है. आइए इसकी डिजाइन से लेकर इंजन और परफॉरमेंस तक की डिटेल के बारे में जानते हैं.
क्लासिक और रेट्रो डिजाइन
BMW R 12 G/S का लुक 1980 की मशहूर R 80 G/S की याद दिलाता है. इसमें फ्रंट मडगार्ड, कॉम्पैक्ट कॉकपिट फेयरिंग, एक्सपोज्ड इंजन और बाईं तरफ ऊपर की ओर उठा हुआ एग्जॉस्ट साइलेंसर दिया गया है. बाइक को लाइट व्हाइट पेंट, रेड कलर की सीट और विंटेज स्टाइल डेकल्स के साथ पेश किया गया है. ऑफ-रोड क्षमता बढ़ाने के लिए इसके स्टीयरिंग पिवट को आगे और ऊपर की ओर शिफ्ट किया गया है, जबकि ट्यूबलर-स्टील रियर फ्रेम को ब्रिज-टाइप मेन फ्रेम से जोड़ा गया है.
स्टैंडर्ड एंड्यूरो किट के तहत इसमें 21-इंच फ्रंट और 18-इंच रियर क्रॉस-स्पोक व्हील्स, ऑफ-रोड टायर्स, इंजन गार्ड, हैंड गार्ड, 20 mm हैंडलबार राइजर, एंड्यूरो फुटरेस्ट और लंबा साइड स्टैंड मिलता है. इसकी सीट हाइट 875 mm, व्हीलबेस 1,580 mm और कर्ब वेट 229 किलोग्राम है.
एडवांस फीचर्स
रेट्रो अवतार के बावजूद इसमें मॉडर्न फीचर्स की भरमार है. बाइक में X-पैटर्न वाला LED हेडलैंप, बीच में लगा राउंड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 12V पावर सॉकेट और सामान बांधने के लिए रियर फ्रेम पर दो स्टील लूप दिए गए हैं. स्टैंडर्ड कम्फर्ट पैकेज के चलते इसमें बिना क्लच गियर बदलने के लिए बाई-डायरेक्शनल शिफ्ट असिस्टेंट प्रो (क्विकशिफ्टर), क्रूज कंट्रोल, हीटेड ग्रिप्स, हिल स्टार्ट कंट्रोल और अडेप्टिव हेडलैंप जैसे फीचर्स मिलते हैं.
सेफ्टी और राइडिंग मोड्स
राइडर की सेफ्टी और बेहतर कंट्रोल के लिए इसमें चार राइडिंग मोड्स- Rain, Road, Enduro और Enduro Pro दिए गए हैं. इसमें डायनेमिक ट्रैक्शन कंट्रोल (DTC) मिलता है, जिसे ऑफ-रोडिंग के दौरान पूरी तरह बंद भी किया जा सकता है. इसके अलावा इंजन ड्रैग टॉर्क कंट्रोल (MSR) और कॉर्नरिंग सपोर्ट के साथ पार्ट-इंटीग्रल BMW Motorrad ABS Pro स्टैंडर्ड है. ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में ट्विन 310 mm डिस्क और रियर में 265 mm सिंगल डिस्क ब्रेक दिए गए हैं.
इंजन और परफॉरमेंस
पावर देने के लिए बाइक में 1,170cc का एयर और ऑयल-कूल्ड, 2-सिलेंडर बॉक्सर इंजन लगाया गया है. ये इंजन 7,000 rpm पर 109 hp की पावर और 6,500 rpm पर 115 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स और कार्डन शाफ्ट ड्राइव से जोड़ा गया है. बेहतरीन ऑफ-रोड परफॉरमेंस के लिए फ्रंट में 45 mm का फुली एडजस्टेबल अपसाइड-डाउन फोर्क (210 mm ट्रैवल) और रियर में फुली एडजस्टेबल पैरालीवर मोनोशॉक सस्पेंशन (200 mm ट्रैवल) दिया गया है.
