रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पलवल

Palwal News:एक ओर झुका मकान बना खतरा, ढहा तो आसपास के मकानों को भी नुकसान की आशंका – A House Leaning To One Side Has Become A Hazard; If It Collapses, There Is A Risk Of Damage To The Surrounding Houses As Well

November 22, 2026


हादसे की आशंका के चलते कुछ परिवार अपने मकान खाली कर दूसरी जगह गए

संवाद न्यूज एजेंसी

पलवल। शहर की एकता नगर कॉलोनी में गीता भवन के पीछे गली में स्थित एक निर्माणाधीन मकान का लगातार बढ़ता झुकाव आसपास रहने वाले परिवारों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि मकान अचानक ढह गया तो आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ सकते हैं। हादसे की आशंका के चलते कुछ परिवार अपने मकान खाली कर दूसरी जगह रहने चले गए हैं। लोगों का आरोप है कि नगर परिषद में शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

संवाद कार्यक्रम के दौरान कॉलोनी वासियों ने बताया कि मकान एक ओर काफी झुक चुका है और समय के साथ इसका झुकाव बढ़ रहा है। मकान मालिक ने भी निर्माण कार्य रुकवा दिया है। स्थानीय लोगों ने उसे मकान की मरम्मत कराने के लिए कहा था। शुरुआत में उसने ठीक कराने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में आर्थिक परेशानी का हवाला देने लगा। लोगों ने नगर परिषद से मकान की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों से बातचीत

परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता है। अनहोनी की आशंका के चलते मकान खाली कर दूसरी जगह जाना पड़ा।

– मुनेश शर्मा, स्थानीय

मकान मालिक पहले मरम्मत कराने की बात कहता रहा, लेकिन अब आर्थिक परेशानी बताकर जिम्मेदारी से हट रहा है।

– विनोद, स्थानीय

मकान मालिक की ओर से सुध नहीं ली जा रही है। नगर परिषद में कई बार शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। – बब्लू, स्थानीय

आसपास रहने वाले हर समय अनहोनी की आशंका में रहते हैं। मकान गिरा तो जान-माल का नुकसान हो सकता है।

– संजीव, स्थानीय

प्रशासन को मकान की तकनीकी जांच कराकर आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

——– रामजीत, स्थानीय

मकान का झुकाव एक दिशा में बढ़ रहा है। यदि यह गिरता है तो पास के मकानों को भारी नुकसान हो सकता है। – बेनीराम, स्थानीय

———————————–

बिना मानचित्र के निर्माण कराने को लेकर मकान मालिक को नोटिस दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। – हर्ष, जेई, नगर परिषद, पलवल

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X