पुष्कर मेले में मूंछों का महामुकाबला:देशभर से पहुंचे 39 प्रतिभागियों ने दिखाया दम; जयपुर के कमलेश बने विजेता – Grand Moustache Showdown At Pushkar Fair: 39 Contestants Showcase Their Flair; Kamlesh Emerges Victorious
राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर में चल रहे अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में शनिवार को मूंछ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें देश के विभिन्न शहरों से आए 39 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अपनी लंबी, घनी और आकर्षक मूंछों के प्रदर्शन से प्रतिभागियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक भी पहुंचे।
प्रतियोगिता में जयपुर के कमलेश गुर्जर ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, जोधपुर के प्रशांत वर्मा दूसरे और कोटा के धन्नालाल तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी मूंछों के अलग-अलग आकार, सजावट और खास अंदाज का प्रदर्शन किया।
मेला मैदान में मौजूद देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए यह प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र बनी रही। विदेशी पर्यटक भी प्रतिभागियों की मूंछों को देखकर खासे उत्साहित नजर आए। कई पर्यटक अपने मोबाइल और कैमरों से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाते दिखे। कुछ ने प्रतिभागियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
पढ़ें: पंचायत चुनाव में बदला बांसवाड़ा का सियासी गणित, बाप के प्रदर्शन ने बढ़ाई भाजपा-कांग्रेस की मुश्किलें
प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों ने बताया कि मूंछों को इस तरह बनाए रखना आसान नहीं है। इसके लिए नियमित देखभाल, समय और मेहनत की जरूरत होती है। मूंछें बढ़ाने के साथ उन्हें सही आकार देना और संवारना उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या का हिस्सा है।
कई प्रतिभागियों ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार मूंछें बढ़ानी शुरू की थीं, तब परिवार के लोग उन्हें छोटा करने या हटाने की सलाह देते थे। हालांकि, समय के साथ परिवार के लोग भी उनके इस शौक को समझने लगे और अब मूंछें रखने को लेकर कोई नहीं टोकता।
पुष्कर मेले में पशुओं से जुड़ी प्रतियोगिताओं के साथ इस तरह के पारंपरिक और अनूठे आयोजन भी आकर्षण बढ़ा रहे हैं। मूंछ प्रतियोगिता के जरिए राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और पहचान को देश-विदेश से आए पर्यटकों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
