Farrukhabad News:पहुंच मार्ग न बन पाने से पुल पर चार पहिया वाहनों का शुरू नहीं हो सका आवागमन – Due To The Failure To Construct Approach Roads, The Movement Of Four-wheeled Vehicles On The Bridge Could Not Begin
कमालगंज। अभी तक 191.13 करोड़ रुपये की लागत वाली कमालगंज-हरदोई मार्ग की सेतु परियोजना पूरी नहीं हो पाई है। पुल का निर्माण तो पूरा हो चुका है, लेकिन दोनों ओर पहुंच मार्ग का काम अधूरा है। इसके चलते पुल पर वाहनों का आवागमन शुरू होने का इंतजार बढ़ गया है। परियोजना के पूरा होने की नई समय सीमा अब मार्च 2027 तय की गई है।
इस परियोजना का काम सात नवंबर 2023 को शुरू हुआ था। उस समय इसे आठ नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। गंगा नदी के महमदगंज मड़ैयन घाट पर 10 जून 2023 को तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने इस सेतु परियोजना का शिलान्यास किया था। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा वित्त पोषित इस परियोजना में 50 पिलर वाला 182 मीटर लंबा पुल तैयार हो चुका है। यह पुल लगभग दो किलोमीटर लंबा है। परियोजना में दोनों ओर 200-200 मीटर पहुंच मार्ग का निर्माण शामिल है।
इसके अतिरिक्त हरदोई की ओर तेरा अकबरपुर तिराहे तक 1080 मीटर और कमालगंज की ओर भटपुरा के रामनगर गांधीनगर तक 2400 मीटर अतिरिक्त पहुंच मार्ग भी बनाया जा रहा है। पुल का निर्माण तेजी से हुआ, लेकिन अतिरिक्त पहुंच मार्ग का काम अभी भी अधूरा है। पैंटून पुल खुलने के बाद बाइक सवारों ने आवागमन शुरू कर दिया है, पर अन्य वाहनों को अभी इंतजार है।
पहुंच मार्ग को बाढ़ से नुकसान
वर्ष 2025 में पहुंच मार्ग पर मिट्टी के काम को बाढ़ और कटान से भारी नुकसान हुआ था। कई स्थानों पर मिट्टी बह गई थी। बाढ़ के पानी को निकालने के लिए बनी पुलिया भी बह गईं थीं। इसके बाद आईआईटी के इंजीनियरों के सर्वेक्षण के बाद पुलियों को हटा दिया गया। उनकी जगह पहुंच मार्ग के किनारे मिट्टी में ऊपर से नीचे तक स्टोन पिचिंग की गई।
सड़क निर्माण की नई तकनीक
पहुंच मार्ग पर कटान रोकने के लिए मिट्टी के ऊपर काले रंग की पन्नीनुमा हाई डेंसिटी पॉलीथिलीन (एचडीपीई) की परत बिछाई गई। इसके ऊपर सफेद रंग के जियो सिंथेटिक क्लाथ की दूसरी परत डाली गई। इन दोनों परतों के ऊपर ही गिट्टी और डामर से सड़क तैयार करने का काम चल रहा है। सेतु निर्माण निगम के सहायक अभियंता वीरेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में पहली बार इस तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।
वीरेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी ने कहा कि पहुंच मार्ग को मजबूती देने के लिए काम में अतिरिक्त समय लगा है। इसी कारण परियोजना पूर्ण करने की समय सीमा बढ़ाई गई है।
