रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sonipat News:कम बारिश से नहीं बुझी धरती की प्यास, भूर्री में 41 मीटर नीचे पहुंचा भूजल स्तर – Groundwater Level Reaches 41 Meters In Bhurri
सोनीपत

Sonipat News:कम बारिश से नहीं बुझी धरती की प्यास, भूर्री में 41 मीटर नीचे पहुंचा भूजल स्तर – Groundwater Level Reaches 41 Meters In Bhurri

November 22, 2026


-चार महीने में 4.93 मीटर नीचे खिसका पानी, मानसून के बाद भी नहीं मिली राहत-

नांगल खुर्द, कुराड़, मुरथल और हसनपुर में भी 30 मीटर से अधिक गहराई पर जलस्तर

संवाद न्यूज एजेंसी

सोनीपत। मानसून की कम बारिश धरती की प्यास नहीं बुझा पाई। जून में ग्राउंड वाटर 36.35 मीटर पर उपलब्ध था और अक्तूबर में 41.28 मीटर की गहराई तक पहुंच गया। चार महीने में जलस्तर 4.93 मीटर नीचे खिसक गया। ग्राउंड वाटर सेल की ताजा सर्वे रिपोर्ट ने जिले में भूजल संरक्षण को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

भूर्री गांव लंबे समय से डार्क जोन की श्रेणी में शामिल है। जल संरक्षण के प्रयासों के चलते यहां पहले भूजल स्तर में कुछ सुधार हुआ था और जून 2026 में पानी 36.35 मीटर पर दर्ज किया गया था। उम्मीद थी कि मानसून की बारिश से जलस्तर ऊपर आएगा, लेकिन अक्तूबर के सर्वे में यह 41.28 मीटर तक पहुंच गया। चार महीने में लगभग पांच मीटर की गिरावट ने पुराने प्रयासों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

भूर्री के अलावा मुरथल, हसनपुर, कुराड़ और नांगल खुर्द में भी भूजल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इन गांवों में पानी 30 मीटर से अधिक गहराई पर दर्ज किया गया है। इससे साफ है कि भूजल संकट अब केवल एक गांव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले रहा है।

कमजोर मानसून ने रोकी भूजल रिचार्ज की रफ्तार

इस बार जिले में सामान्य से करीब 30 फीसदी कम बारिश हुई। पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण जमीन में पानी का प्राकृतिक संचय उम्मीद के मुताबिक नहीं हो सका। हालांकि जिले के सभी ब्लॉकों में जून की तुलना में अक्तूबर में जलस्तर में कुछ सुधार दर्ज हुआ है, लेकिन यह राहत बेहद सीमित रही। मुरथल ब्लॉक में औसत जलस्तर 24.96 मीटर से सुधरकर 23.90 मीटर पर पहुंचा है।

गन्नौर और मुरथल में अब भी गंभीर बने हुए हैं हालात

ग्राउंड वाटर सेल के आंकड़ों के अनुसार गन्नौर ब्लॉक में भूजल स्तर जून के 19.50 मीटर से सुधरकर अक्तूबर में 18.95 मीटर दर्ज हुआ। वहीं गोहाना में 4.51 से 3.48 मीटर, कथूरा में 3.09 से 2.52 मीटर और खरखौदा में 4.27 से 3.83 मीटर पर पहुंचा। मुडलाना में 5.43 से 4.73 मीटर, राई में 14.76 से 13.44 मीटर और सोनीपत में 6.40 से 5.20 मीटर तक सुधार दर्ज किया गया। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में भूजल की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है।

मुख्यालय भेजी सर्वे रिपोर्ट, जल संरक्षण के लिए जागरूकता पर जोर

ग्राउंड वाटर सेल ने अक्तूबर में कराया गया भूजल सर्वे पूरा कर रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है। अधिकारियों के अनुसार बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों और भूजल के जरूरत से ज्यादा दोहन के कारण भी संकट गहरा रहा है। लोगों को पानी का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने और बारिश जल संचयन अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

——–

वर्जन

कम बारिश के कारण इस बार भूजल का प्राकृतिक रिचार्ज अपेक्षा से कम हुआ है। विभाग ने ब्लॉक स्तर पर सर्वे पूरा कर रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है। लोगों से अपील की जा रही है कि वह भूजल का अनावश्यक दोहन न करें और जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

-दलबीर सिंह राणा, प्रमुख, ग्राउंड वाटर सेल, रोहतक रेंज

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X