रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अजमेर:प्रॉपर्टी कारोबारी को रोहित गोदारा के नाम से धमकी, 12 करोड़ भूलने व केस वापस लेने का दबाव, जांच शुरू – Ajmer: Property Dealer Gets Death Threat In Name Of Rohit Godara, Pressured Over 12 Crore Dispute
अजमेर

अजमेर:प्रॉपर्टी कारोबारी को रोहित गोदारा के नाम से धमकी, 12 करोड़ भूलने व केस वापस लेने का दबाव, जांच शुरू – Ajmer: Property Dealer Gets Death Threat In Name Of Rohit Godara, Pressured Over 12 Crore Dispute

November 22, 2026


Ajmer: Property Dealer Gets Death Threat in Name of Rohit Godara, Pressured Over 12 Crore Dispute

प्रॉपर्टी कारोबारी को रोहित गोदारा से मिली धमकी

विस्तार

शहर के एक प्रॉपर्टी व्यवसायी विभोर नुवाल को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से जान से मारने की धमकी मिली है। विदेशी नंबर से आए दो ऑडियो संदेशों के जरिये व्यवसायी को 12 करोड़ रुपये का बकाया लेनदेन भूलने और पूर्व में दर्ज मुकदमा वापस लेने के लिए विवश किया गया है। पीड़ित व्यवसायी ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर अपने परिवार और बाहर पढ़ रहे बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऑडियो संदेश में दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित विभोर नुवाल के अनुसार 19 नवंबर की रात लगभग 10:40 बजे उनके मोबाइल फोन पर अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। उन्होंने कॉल नहीं उठाया तो उसी नंबर से दो ऑडियो संदेश प्राप्त हुए। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को रोहित गोदारा बताते हुए अर्पित जैन को अपना भाई बताया। आरोपी ने चेतावनी दी कि 12 करोड़ रुपये का जो लेनदेन बकाया है, उसका एक भी रुपया नहीं मिलेगा, बल्कि इसके बदले कई गुना राशि देनी पड़ जाएगी। आरोपी ने बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे बच्चों को नुकसान पहुंचाने की सीधी धमकी दी। दूसरे ऑडियो संदेश में आरोपी ने संजय मीणा के खिलाफ दर्ज कराया गया मुकदमा तुरंत वापस लेने के लिए कहा और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

ये भी पढ़ें: जोधपुर हाईकोर्ट की टिप्पणी: वारंट तामील का मतलब दांत-हड्डियां तोड़ने की छूट मिलना नहीं, पुलिसकर्मियों पर केस

12 करोड़ रुपये और जमीन का विवाद

इस प्रकरण की जड़ में करोड़ों रुपये का वित्तीय विवाद और भूमि का लेनदेन शामिल है। शिकायतकर्ता विभोर नुवाल ने 4 सितंबर को पुलिस अधीक्षक को परिवाद सौंपा था। इसमें अर्पित जैन, संजय मीणा, राजू कुमावत, लक्ष्मण सोनी, अनिल गगवाल तथा अन्य लोगों पर आरोप लगाया गया था कि समझौते के अनुसार न तो तय नकद राशि का भुगतान किया गया और न ही 12 बीघा भूमि का हस्तांतरण किया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपी उन्हें जान-माल के नुकसान और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहे थे। इस परिवाद के आधार पर 5 नवंबर को सिविल लाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसकी जांच वृत्ताधिकारी अजमेर उत्तर कर रहे हैं। वहीं 18 अक्तूबर  को अर्पित जैन के चालक दीपक बीदावत ने कृष्णगंज थाने में विभोर नुवाल के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

गैंगस्टर के नाम से आई धमकी के बाद पीड़ित विभोर नुवाल ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि अर्पित जैन, कथित रोहित गोदारा और उनके सहयोगियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपने तथा परिजनों की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ऑडियो संदेशों तथा नंबर की जांच शुरू कर दी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X