Muzaffarnagar News:प्रॉपर्टी में निवेश के नाम पर कारोबारी से एक करोड़ की धोखाधड़ी – Businessman Defrauded Of One Crore Rupees Under The Pretext Of Property Investment
मुजफ्फरनगर। प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने के कारोबार में साझेदारी और जमीन का प्लॉट दिलाने के नाम पर एक कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि युवक ने अपने पिता के नाम पर दर्ज 600 गज का प्लॉट बेचने का सौदा कर उससे 30 लाख रुपये लिए। इसके अलावा पूर्व में किए गए कारोबारी लेन-देन के भी लाखों रुपये बकाया हैं। बैनामा कराने की बात कही तो आरोपी अपना मोबाइल फोन बंद कर गायब हो गया।
श्याम विहार निवासी आकाशदीप ने थाना सिविल लाइन में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उसका संधावली निवासी शाबाज मेहंदी के साथ प्रॉपर्टी खरीदने और बेचने का कारोबार चलता था। शाबाज जमीन खरीदने के नाम पर समय-समय पर अपने और अपने छोटे भाई मेहरान अफरोज के बैंक खातों में रुपये मंगवाता था। इसके अलावा नकद रकम भी लेता था।
पांच सितंबर 2026 को शाबाज उसके घर पहुंचा और अपने पिता की बीमारी का हवाला देते हुए पैसों की जरूरत बताई। उसने अपने पिता के नाम पर 600 गज का प्लॉट बेचने की बात कही और दस्तावेजों की फोटो कॉपी भी दिखाई।
इसके बाद 30 लाख रुपये में सौदा तय करने की बात हुई। पीड़ित का आरोप है कि उसने अपने दोस्त सतपाल सिंह के खाते से 15 लाख रुपये, अपने बेटे शुभम चौधरी के खाते से 10 लाख रुपये ट्रांसफर कराए, जबकि पांच लाख रुपये नकद दिए।
पीड़ित का कहना है कि इसके बाद वह व्यापारिक काम से चीन चला गया। वापस लौटने पर जब उसने प्लॉट का बैनामा कराने के लिए शाबाज से संपर्क किया तो वह गायब मिला। पिछले कई दिनों से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। आरोप है कि शाबाज के परिवार के सदस्यों से संपर्क करने पर उन्होंने भी सहयोग करने के बजाय झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि करीब 62 लाख रुपये बैंक खातों के माध्यम से और 14 लाख रुपये नकद दिए गए हैं। कारोबार में तय मुनाफे के करीब 24 लाख रुपये भी बकाया हैं। इस तरह कुल रकम करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। पीड़ित ने शाबाज मेहदी, भाई मेहरान अफरोज और पिता सैयद हुसैन अफरोज जैदी के विरुद्ध धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई। एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा का कहना है कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
