आज हरि से हर का मिलन:भगवान श्री गोपाल से मिलने शाही ठाठ-बाट से पहुंचेंगे बाबा महाकाल, कल भी गूंजेंगे जयकारे – Harihar Milan 2026: Lord Shiva To Hand Over Universe’s Charge To Lord Vishnu Tonight In Ujjain
धर्मनगरी उज्जैन में 22 नवंबर की रात आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। रात 11 बजे भगवान महाकालेश्वर (हर) नगर भ्रमण करते हुए गोपाल मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान श्रीकृष्ण (हरि) से उनका मिलन होगा। हरिहर मिलन की इस परंपरा के अगले दिन यानी 23 नवंबर को भगवान महाकाल की कार्तिक-अगहन मास की दूसरी सवारी भी निकाली जाएगी। लगातार दो बड़े धार्मिक आयोजनों के चलते जिला प्रशासन और श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सामने व्यवस्थाएं संभालने की चुनौती रहेगी।
शिव और विष्णु के एकात्म भाव का प्रतीक है हरिहर मिलन
सनातन परंपरा में हरिहर मिलन का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह पर्व भगवान शिव और भगवान विष्णु के एकात्म भाव के साथ शैव और वैष्णव संप्रदायों के बीच समन्वय का प्रतीक माना जाता है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस दौरान सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी के बाद भगवान विष्णु के जागृत होने पर वैकुंठ चतुर्दशी की मध्यरात्रि में बाबा महाकाल सवारी के रूप में गोपाल मंदिर पहुंचते हैं और भगवान श्रीकृष्ण से मिलन करते हैं। इस अवसर पर दोनों देवताओं का विशेष पूजन-अर्चन किया जाता है। परंपरा के अनुसार, बाबा महाकाल की ओर से भगवान गोपाल को बिल्वपत्र की माला अर्पित की जाती है, जबकि भगवान गोपाल की ओर से बाबा महाकाल को तुलसी की माला पहनाई जाती है। यह परंपरा इस आयोजन को विशिष्ट बनाती है।
ये भी पढ़ें- बाबा का वैष्णव तिलक से हुआ श्रृंगार, मुकुट और मुंडमाला किया धारण; जय श्री महाकाल से गूंजा मंदिर
रात 11 बजे महाकाल मंदिर से निकलेगी सवारी
परंपरा के अनुसार, 22 नवंबर की रात 11 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से बाबा महाकाल की सवारी गोपाल मंदिर के लिए रवाना होगी। सवारी में ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक धार्मिक आयोजनों के बीच भगवान के दर्शन होंगे। इस दिव्य मिलन का साक्षी बनने के लिए देशभर से श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की उम्मीद है। इसके अगले दिन 23 नवंबर को बाबा महाकाल की कार्तिक-अगहन मास की दूसरी सवारी निकाली जाएगी। इसमें भगवान नगर भ्रमण कर भक्तों को दर्शन देंगे।
प्रशासन के सामने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की चुनौती
लगातार दो बड़े आयोजनों के चलते प्रशासन और मंदिर समिति के अधिकारियों-कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। 22 नवंबर की रात से 23 नवंबर की शाम तक मंदिर परिसर और सवारी मार्ग पर व्यवस्थाएं बनाए रखना चुनौतीपूर्ण रहेगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन का प्रयास है कि दोनों धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हों।
