रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान कांग्रेस:23 साल बाद बाड़ा पदमपुरा में जुटेंगे राष्ट्रीय नेता, खड़गे और राहुल गांधी होंगे शामिल – Rajasthan Congress: Kharge, Rahul To Train 81 National Secretaries In Jaipur
जयपुर

राजस्थान कांग्रेस:23 साल बाद बाड़ा पदमपुरा में जुटेंगे राष्ट्रीय नेता, खड़गे और राहुल गांधी होंगे शामिल – Rajasthan Congress: Kharge, Rahul To Train 81 National Secretaries In Jaipur

November 23, 2026


राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनावों के बीच कांग्रेस अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए जयपुर को एक बार फिर पार्टी की राष्ट्रीय गतिविधियों का केंद्र बनाया जा रहा है। शिवदासपुरा के पास बाड़ा पदमपुरा में 30 नवंबर से 9 दिसंबर तक कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिवों का पहला प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। इस आयोजन के राजनीतिक मायने इसलिए भी अहम हैं, क्योंकि इसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तक शामिल होंगे।

करीब 23 साल बाद बाड़ा पदमपुरा में कांग्रेस का कोई बड़ा राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम होने जा रहा है। पार्टी इस शिविर के जरिए अपने नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों को संगठन की कार्यशैली, राज्यों में राजनीतिक चुनौतियों और आगामी रणनीति के लिए तैयार करना चाहती है। खास बात यह है कि राष्ट्रीय सचिवों को अलग-अलग राज्यों में सह प्रभारी की जिम्मेदारी भी दी गई है। ऐसे में यह प्रशिक्षण केवल संगठनात्मक औपचारिकता नहीं, बल्कि राज्यों में पार्टी की गतिविधियों को गति देने की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है।

खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी से बढ़ेगा आयोजन का सियासी महत्व

प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन 30 नवंबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। वहीं, 9 दिसंबर को समापन सत्र में राहुल गांधी शामिल होंगे। दोनों शीर्ष नेताओं की मौजूदगी से शिविर को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण बनाया जा रहा है।

इस दौरान नए सचिवों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे, प्रदेश इकाइयों के साथ समन्वय और राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार काम करने के तौर-तरीकों की जानकारी दी जाएगी। पार्टी की कोशिश है कि अलग-अलग राज्यों में जिम्मेदारी संभालने वाले सचिव एक साझा रणनीति और स्पष्ट कार्ययोजना के साथ मैदान में उतरें।

यह भी पढें- राजस्थान: अब जोड़-तोड़ से बोर्ड बनाने की तैयारी; चित्तौड़गढ़ में आरएलपी प्रत्याशी को ले गई भाजपा; वीडियो वायरल

वेणुगोपाल के दौरे से पहले तैयारियों का जायजा

पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल का 25 नवंबर के बाद जयपुर आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वे बाड़ा पदमपुरा में शिविर की तैयारियों का जायजा ले सकते हैं। हाल ही में खड़गे ने 81 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की थी। इन सभी को अलग-अलग राज्यों में सह प्रभारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। ऐसे में प्रशिक्षण शिविर से पहले राष्ट्रीय संगठन के स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद चल रही है।

23 साल पहले सोनिया गांधी भी पहुंची थीं बाड़ा पदमपुरा

बाड़ा पदमपुरा का कांग्रेस के लिए पुराना राजनीतिक और संगठनात्मक महत्व रहा है। वर्ष 2003 में यहां पार्टी का तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ था। उस समय तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं।

उस दौर में राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार थी। अब करीब 23 साल बाद इसी स्थान पर पार्टी का राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण कार्यक्रम होने जा रहा है। इस वजह से पुराने आयोजन की यादें भी फिर ताजा हो रही हैं।

राजस्थान के छह नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह

कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों की सूची में राजस्थान के छह नेताओं को जगह मिली है। इनमें रेहाना रियाज, हेम सिंह शेखावत, धीरज गुर्जर, डूंगर राम गेदर, दानिश अबरार और जगदीश जांगिड़ शामिल हैं।

वहीं, सांसद संजना जाटव, पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा और विजय जांगिड़ को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाया गया है। नए सचिवों को अलग-अलग राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद राजस्थान के नेताओं की राष्ट्रीय राजनीति में भूमिका भी बढ़ेगी।

जयपुर से संगठन को नई दिशा देने की कोशिश

राजनीतिक विश्लेषक योगेश शर्मा के अनुसार, इस आयोजन के जरिए कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व संगठनात्मक गतिविधियों के लिए जयपुर को फिर केंद्र में ला रहा है। खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी इसे सामान्य प्रशिक्षण कार्यक्रम से आगे ले जाती है।

दरअसल, कांग्रेस के सामने राज्यों में संगठन को मजबूत करने, प्रदेश इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाने और चुनावी चुनौतियों से निपटने की जिम्मेदारी है। ऐसे में 10 दिन तक चलने वाले इस शिविर से पार्टी के नए राष्ट्रीय सचिवों की कार्यशैली और आगामी संगठनात्मक रणनीति की दिशा तय होने की उम्मीद है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X