पुरुषों के लिए लंबी उम्र के व्रत रखकर भी खुद ज्यादा जीती हैं महिलाएं, क्या है उनकी इस लंबी उम्र का सीक्रेट?
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) ने 19 नवंबर 2026 को अपनी एनुअल रिपोर्ट ‘स्टेट ऑफ़ द वर्ल्ड पॉपुलेशन (SOWP) 2026’ जारी की. इस रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि दुनियाभर में औसतन महिलाएं, आदमियों की तुलना में ज्यादा लंबा जीती हैं. दुनिया में पुरुषों की औसत जीवन प्रत्याशा (Life Expectancy) 71 साल है, जबकि महिलाओं की 76 साल है. ‘आने वाली पीढ़ियाँ: युवाओं को भविष्य संवारने के लिए सशक्त बनाना’ (Succeeding Generations: Empowering Young People to Chart the Future)’ टाइटल वाली इस रिपोर्ट में कइ और भी अहम आंकड़े भी बताए गए हैं.
अलग-अलग देश में ये है जीवन प्रत्याशा
जापान और चीन में तो यह अंतर सबसे ज्यादा 6 साल है. जापान में पुरुषों की औसत उम्र 82 साल और महिलाओं की 88 साल है. चीन में भी महिलाओं की औसत उम्र पुरुषों से ज्यादा है. चीन में पुरुष औसतन 76 साल और महिलाएं 82 साल तक जीवित रहती हैं. फ्रांस में पुरुषों की जीवन प्रत्याशा 81 साल और महिलाओं की 86 साल है, जबकि जर्मनी और ब्रिटेन में पुरुष औसतन 80 साल और महिलाएं 84 साल तक जीती हैं. अमेरिका में पुरुषों की जीवन प्रत्याशा 77 साल और महिलाओं की 82 साल है.
भारत की बात करें तो यहां पुरुषों की औसत जीवन प्रत्याशा 71 साल और महिलाओं की 74 साल है. यानी यहां महिलाएं पुरुषों के मुकाबले 3 साल ज्यादा जीती हैं. इन आंकड़ों से साफ है कि भारत में पुरुषों और महिलाओं की जीवन प्रत्याशा के बीच का अंतर जापान और चीन जैसे देशों की तुलना में कम है.
महिलाओं की लंबी उम्र के पीछे क्या कारण?
दुनियाभर में महिलाओं की लंबी उम्र के पीछे जैविक, हार्मोनल, सामाजिक और जीवनशैली से जुड़े कई कारण हो सकते हैं. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में बताया गया है कि महिलाओं के पुरुषों से ज्यादा जीने के पीछे जैविक और हार्मोनल दोनों कारण माने जाते हैं. रिसर्च के मुताबिक, महिलाओं के शरीर में मौजूद एस्ट्रोजन हार्मोन दिल और रक्त वाहिकाओं को कुछ हद तक सुरक्षा देता है. इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो शरीर में सूजन और हृदय संबंधी बीमारियों के खतरे को प्रभावित कर सकते हैं.
इसके अलावा महिलाओं में दो X क्रोमोसोम होते हैं, जबकि पुरुषों में एक X और एक Y क्रोमोसोम होता है. वैज्ञानिकों का मानना है कि दो X क्रोमोसोम होने से कुछ हानिकारक जेनेटिक बदलावों के असर की भरपाई हो सकती है. महिलाओं का इम्यून सिस्टम भी कई मामलों में ज्यादा सक्रिय प्रतिक्रिया देता है, जिससे उन्हें कुछ संक्रमणों से लड़ने में मदद मिलती है. हालांकि, इन सभी जैविक कारणों की भूमिका पर अभी भी कई रिसर्च हो रहे हैं.
चीन में पुरुष औसतन 76 साल और महिलाएं 82 साल तक जीवित रहती हैं.
लाइफस्टाइ एक बड़ी वजह
पुरुषों और महिलाओं की जीवनशैली और व्यवहार में अंतर भी उनकी उम्र को प्रभावित करता है. कई देशों में पुरुषों में धूम्रपान, शराब का ज्यादा सेवन, रिस्क वाले काम और तेज गाड़ी चलाने जैसी आदतें ज्यादा देखी जाती हैं. पुरुष अक्सर बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज करते हैं और डॉक्टर के पास देर से पहुंचते हैं. इसका असर उनकी सेहत और जीवन प्रत्याशा पर पड़ता है. 12 देशों के 1.79 लाख से ज्यादा लोगों पर किए गए एक अध्ययन में पुरुषों में महिलाओं के मुकाबले मृत्यु का जोखिम करीब 60% अधिक पाया गया. शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि धूम्रपान और हृदय संबंधी बीमारियों को ध्यान में रखने पर यह अंतर कुछ कम हो जाता है.
WHO की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में दुनिया भर में महिलाओं की जीवन प्रत्याशा पुरुषों से करीब 5.1 साल अधिक थी. हालांकि, ज्यादा जीने का मतलब हमेशा ज्यादा स्वस्थ रहना नहीं है. महिलाओं में गठिया और दूसरी लंबे समय तक रहने वाली स्वास्थ्य समस्याएं भी अधिक देखी जा सकती हैं. यानी महिलाओं की लंबी उम्र के पीछे कोई एक वजह नहीं है. इसके पीछे उनके शरीर की जैविक बनावट, हार्मोन, जीवनशैली और सामाजिक परिस्थितियां सब मिलकर काम करती हैं.
