रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Balrampur News:गांव में शव पहुंचते ही भड़का आक्रोश, अंतिम संस्कार से इन्कार – Outrage Erupts As The Body Arrives In The Village; Funeral Rites Refused
बलरामपुर

Balrampur News:गांव में शव पहुंचते ही भड़का आक्रोश, अंतिम संस्कार से इन्कार – Outrage Erupts As The Body Arrives In The Village; Funeral Rites Refused

November 24, 2026


उतरौला। बकरी के पड़ोसी की छत पर चढ़कर गेहूं और अन्य अनाज खाने को लेकर हुए विवाद में 65 वर्षीय आलमदार हुसैन की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित परिजनों ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। परिजनों की मांग थी कि पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट की जाए और घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो।

इसी बीच मृतक की पत्नी गजाला बानो ने पुलिस को दूसरी तहरीर देकर एक महिला समेत सात लोगों के नाम बताए। उनका कहना था कि पति की मौत के सदमे में होने के कारण वह पहली तहरीर में सभी आरोपियों के नाम नहीं बता सकी थीं। उधर, शव का अंतिम संस्कार न होने और मोहल्ले में बढ़ते आक्रोश के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात पर काबू पाने के लिए पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ पीएसी भी तैनात करनी पड़ी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी देर शाम तक परिजनों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन परिवार अपनी मांगों पर अड़ा रहा।

मामला उतरौला कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधी नगर बरदही बाजार का है। यहां के निवासी आलमदार हुसैन की बकरी शनिवार को पड़ोसी अरुण वर्मा की छत पर चढ़ गई थी। मृतक की पत्नी गजाला बानो का आरोप है कि उस समय उनके पति बकरी चरा रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि अरुण वर्मा ने फोन करके अन्य लोगों को बुला लिया। इसके बाद सभी लोग उनके घर में घुस आए और आलमदार हुसैन की लात-घूंसों से पिटाई कर दी।

परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब चार बजे हुई मारपीट के बाद आलमदार की तबीयत बिगड़ने लगी। करीब दो घंटे बाद उनकी हालत और गंभीर हो गई। उन्हें इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

पहली तहरीर में चार, दूसरी में सात नाम सामने आए

आलमदार हुसैन की मौत के बाद परिवार की ओर से पुलिस को दी गई पहली तहरीर में चार लोगों के नाम शामिल थे। पुलिस ने इसी आधार पर मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि, रविवार को मृतक की पत्नी गजाला बानो ने दूसरी तहरीर देकर घटना में शामिल अन्य लोगों के नाम भी बताए।

उनका आरोप है कि अरुण वर्मा ने फोन करके अजय, लाले, कल्लू, समर पटेल उर्फ सुधीर, दिवाकर और विक्रम को बुलाया था। इसके बाद अरुण की पत्नी समेत सभी लोगों ने घर में घुसकर उनके पति की पिटाई की।

गजाला बानो का कहना है कि पति की अचानक मौत से वह सदमे में थीं। इस वजह से पहली तहरीर देते समय घटना में शामिल सभी लोगों के नाम नहीं बता सकी थीं। बाद में घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने पर उन्होंने दूसरी तहरीर दी।

मृतक के पुत्र रियाज और अली ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिजनों को दिखाई जाए और रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

पहले से हृदय रोग से पीड़ित थे बुजुर्ग, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

आलमदार हुसैन की मौत को लेकर पुलिस के सामने भी स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती है। एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि मृतक पहले से हृदय रोग से पीड़ित थे। उन्हें पूर्व में दो बार हार्ट अटैक भी आ चुका था। उनके शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान दिखाई नहीं दे रहे थे। ऐसे में मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की दूसरी तहरीर प्राप्त हुई है। इसमें घटना में शामिल अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। तहरीर के आधार पर पिटाई के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

एसडीएम और सीओ ने भी परिजनों को समझाया

माहौल बिगड़ता देख मौके पर सीओ और एसडीएम भी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। एसडीएम योगेंद्र शरण शाह ने बताया कि परिजनों से बातचीत की गई है। उनकी मांगों से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। वहीं, सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि तीन चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया है। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिजनों को उपलब्ध करा दी जाएगी। इसमें कुछ समय लगता है। परिजनों से वार्ता की गई है और मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

पोस्टमार्टम में कार्डियक अरेस्ट की पुष्टि, चार आरोपी गिरफ्तार

अलमदार हुसैन की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रविवार को प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने परिजनों को रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम तीन चिकित्सकों की टीम ने किया था। टीम में डॉ. राजेश प्रसाद, डॉ. जितिन चौधरी और डॉ. अब्दुल रहमान शामिल थे। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में पहले दिन दर्ज एफआईआर में नामजद चारों आरोपियों अरुण वर्मा, अजय, लाले और कल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी मिलने के बाद भी परिजनों ने अभी तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है।

फोटो-17- उतरौला के बरदही मोड़ के पास मृतक का शव पहुंचने पर जुटे स्थानीय लोग। संवाद

फोटो-17- उतरौला के बरदही मोड़ के पास मृतक का शव पहुंचने पर जुटे स्थानीय लोग। संवाद

फोटो-17- उतरौला के बरदही मोड़ के पास मृतक का शव पहुंचने पर जुटे स्थानीय लोग। संवाद

फोटो-17- उतरौला के बरदही मोड़ के पास मृतक का शव पहुंचने पर जुटे स्थानीय लोग। संवाद

फोटो-17- उतरौला के बरदही मोड़ के पास मृतक का शव पहुंचने पर जुटे स्थानीय लोग। संवाद

फोटो-17- उतरौला के बरदही मोड़ के पास मृतक का शव पहुंचने पर जुटे स्थानीय लोग। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X